130 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं की सौगात, आज शिवहर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नो ड्रोन जोन लागू

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शिवहर जिले के दौरे पर हैं, जहां वे 130.88 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सुरक्षा के मद्देनजर 24 घंटे के लिए नो ड्रोन जोन लागू किया गया है.

CM Samrat Chaudhary Sheohar Visit: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शिवहर जिले के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 130.88 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम पिपराही प्रखंड के बेलवा घाट में आयोजित होगा.

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.

बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का होगा उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बेलवा घाट (बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल) का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा विभिन्न विभागों की कई विकास योजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा.

जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के लिए बेलवा घाट पर हेलीपैड बनाया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.

24 घंटे के लिए नो ड्रोन फ्लाई जोन

जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा को देखते हुए बेलवा घाट स्थित हेलीपैड से 5 किलोमीटर की परिधि को अस्थायी 'टेम्परेरी रेड जोन' और 'नो ड्रोन फ्लाई जोन' घोषित किया है.

यह प्रतिबंध 18 जुलाई शाम 6:00 बजे से 19 जुलाई शाम 6:00 बजे तक प्रभावी रहेगा.

इन उड़ने वाली वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध

प्रतिबंधित अवधि के दौरान निम्नलिखित उड़ने वाली वस्तुओं के उपयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी.

  • ड्रोन.
  • हॉट एयर बैलून.
  • पैरा मोटर्स.
  • पैरा-ग्लाइडर्स.
  • पावर्ड हैंड ग्लाइडर्स.
  • अन्य गैर-पारंपरिक उड़ने वाली वस्तुएं.

आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

डीएम प्रतिभा रानी ने आम लोगों से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु का उपयोग नहीं किया जाए.

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नो ड्रोन फ्लाई जोन के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ड्रोन नियम-2021 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish kumar sing

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >