दुखद. सांस्कृतिक कार्यक्रम में जश्न के दौरान फायरिंग में दर्दनाक हासदा
तरियानी (शिवहर) : थाना क्षेत्र के मठ मसौली लक्ष्मी पूजा में सांस्कृतिक कार्यक्रम के स्टेज उद्घाटन के बाद जश्न मनाने के दौरान चली एक गोली ने बहन के गोद में क्षणिक विश्राम कर रही एक बहन को सदा के लिए छीन लिया.
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की देर रात मठमसौली निवासी विजय सहनी की 12 वर्षीय कंचन बड़ी बहन फूलकुमारी से जिद्द करने लगी कि उसे मेला दिखा दें. उसके बाद दोनों बहन खुशी खुशी मठ मसौली गांव स्थित लक्ष्मी पूजा मेला स्थल पर पहुंची. वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान स्टेज उद्घाटन का कार्यक्रम चल रहा था. मासूम कंचन को कार्यक्रम अच्छा नहीं लगा. उसने बड़ी बहन को कहा कि मुझे नींद आ रही है. तब तक मैं सो रही हूं. जब सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ हो जायेगा. तब जगा देना.
बड़ी बहन फूलकुमारी ने कंचन को अपनी गोद में सुला लिया. उसके कुछ देर बाद एक गोली सनाटे को चिरती हुई आयी व मासूम कंचन के सिने में प्रवेश कर पीठ को चीर कर बाहर निकल गयी. इसी के साथ बड़ी बहन के गोद में छोटी बहन मात्र एक गोली से सदा के लिए चिर निद्रा में सो गयी. उसके बाद पूजन स्थल चिख व चित्कार से दहल उठा. अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया.
इसी बीच दूसरी गोली राजाडीह निवासी लक्ष्मी नारायण साह की पुत्री मनीषा कुमारी के दाहिने पैर के घुटने में लगी. किंतु घटना स्थल पर मौजूद उसके भाई अजय ने बेहोस हो रही बहन को थाम लिया. उसे लेकर घर पहुंचा. इसकी सूचना पिता को दी. पिता लक्ष्मी गांव वाले के साथ जब घटना स्थल पर पहुंचे, तो वहां सनाटा पसरा था. वे चिख चिख कर बेटी के इलाज कराने के लिए फरियाद करते रहे. किंतु उनकी बात सुनने वाला कोई नजर नहीं आया. इसके बाद मायूस पिता ने बेटी की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए उसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजप्फरपुर में भर्ती कराया है.
मृतिका कंचन के पिता पंजाब में है. जबकि घटना के बाद उसकी मां सुदामा देवी का रोते रोते बुरा हाल है. कभी घटना स्थल तो कभी घर पर पहुंच कर बेटी की तालाश उसकी आंखें करती नजर आ रही है. उसे विश्वास ही नहीं हो रहा है कि खुशी से मेला देखने पहुंची उसकी बेटी को एक गोली ने एक मां को जुदा कर दिया है. हालांकि वह बताती है कि गोली चलाने वाले को उसकी बेटी पहचान रही है.
घटना के बाद दहशत से बंद नजर आयी लोगों की जुबान: घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम है. कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं दिख रहा है. पुलिस को भी स्थिति की घटना की जानकारी लेने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
पुलिस कर रही धर पकड़ के लिये छापेमारी: घटना के बाद पुलिस आरोपियों के धड़ पकड़ के लिये सघन छापेमारी कर रही है. संभावित ठिकानों पर प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल छापेमारी कर रही है.
आठ कारतूस व तीन खोखा किया गया बरामद: पुलिस ने घटना स्थल से बंदूक व राइफल में प्रयोग किया जाने वाला तीन खोखा बरामद किया है. जबकि जप्त बोलेरो गाड़ी से आठ कारतूस बरामद किया है.
घटना के बाद बाइक पर सवार होकर फरार हो गये थे पूर्व मुखिया: घटना के बाद स्टेज का उद्घाटन करने गये पूर्व मुखिया उच्च विद्यालय मठ मसौली के पूर्वी गेट से समर्थकों के साथ बाइक से फरार हो गये. जिस गाड़ी से पूर्व मुखिया मेला स्थल पर पहुंचे थे. उस बोलेरो गाड़ी न. बीआरजीरो 6पीए 0144 को चालक घटना के बाद बाहर निकालने का प्रयास किया था. किंतु मृतक के परिजन व ग्रामीण शव के साथ गाड़ी के आगे आकर खड़ा हो गये. लोगों के आक्रोश को देखकर चालक फरार हो गया.
छह वर्षों से हो रही पूजा
करीब छह वर्षों से मठ मसौली गांव में दीपावली से लक्ष्मी पूजा की जाती रही है. प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी दीपावली से ही श्रद्धा व भक्ति के साथ पूजा किया जा रहा था. 29 अक्तूबर को पूजा समाप्त होना था. इसी बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 27 अक्तूबर से किया जाना था. जिसके स्टेज के उद्घाटन में रोहुआ पंचायत के मुखिया अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे.
