रोष. नेपाल के जनकपुर में हिंसक हुआ मधेसी आंदोलन
पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
पूर्व मंत्री, सांसद समेत 41 आंदोलनकारी गिरफ्तार
बैरगनिया : पड़ोसी देश नेपाल के मधेस में बंद के दौरान रविवार को जनकपुर में आंदोलनकारियों व पुलिस के बीच हुए हिंसक झड़प में करीब 13 मधेसी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं उग्र प्रदर्शनकारियों को नियंत्रण में लेने के लिये पुलिस ने एक राउंड अश्रु गैस के गोले छोड़े. पुलिस ने पूर्व मंत्री, सांसद समेत 41 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, बंद समर्थक सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान जनकपुर में पुलिस व आंदोलनकारी के बीच झड़प हो गयी. जिसमें राजपा की विभा ठाकुर, सरिता शर्मा, रेणु झा समेत करीब एक दर्जन मधेसी कार्यकर्ता घायल हो गये.
घायलों को जनकपुर अंचल अस्पताल में भरती कराया गया है. वहीं पुलिस ने पूर्व मंत्री सह राजपा नेता सरिता साह, सांसद दिनेश साह, लाल किशोर साह समेत 41 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया है. उधर सप्तरी में उग्र आंदोलनकारियों ने बंद का उल्लंघन कर रहे एक सरकारी बाइक में आग लगा दी. इधर बैरगनिया से सटे नेपाल के गौर में बंद के कारण दुकानें नहीं खुल एवं वाहनों का परिचालन अवरुद्ध रहा. मधेसी प्रदर्शनकारियों ने अदालत चौक के पास सड़क पर टायर जला कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कहा कि सरकार अब आंदोलनकारियों को पुलिस के दमनात्मक कार्रवाई से दबाना चाह रही है. परंतु जब तक संविधान में संशोधन नही होगा और मधेस की जनता को उनका लोकतांत्रिक अधिकार नही मिलेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
