Sawan Mahotsav Patna: सावन की फुहार और हरे-सुनहरे परिधानों की चमक… पटना के होटल मौर्या में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. यहां महिलाओं ने सावन का त्योहार सिर्फ मनाया नहीं, बल्कि उसे खुलकर जिया. मौका था 'सावन सहेली अपनों के संग' महोत्सव का. यहां गीत-संगीत, डांस, हंसी-मजाक और दोस्ती ने ऐसी महफिल सजाई कि हर तरफ सावन की मस्ती नजर आई.
इन महिलाओं ने ध्यान किया आकर्षित
इस दौरान सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित बीजेपी की विधायक और मंत्री जी की पत्नी ने किया. जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में राजनीति, कला और समाजसेवा से जुड़ी कई चर्चित महिलाएं शामिल हुईं. खास बात यह रही कि RLM प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा, मंत्री दीपक प्रकाश की पत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा, लोकगायिका और विधायक मैथिली ठाकुर और बीजेपी विधायक विशाल प्रशांत की पत्नी ऐश्वर्या राज समेत कई महिलाएं दिखीं.
BJP विधायक और मंत्री की पत्नी ने साथ में किया डांस
बीजेपी की विधायक मैथिली ठाकुर और मंत्री दीपक प्रकाश की पत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा ने एक साथ जमकर ठुमके लगाए. कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें चर्चा में छाई हुई हैं. साक्षी मिश्रा कुशवाहा हरे और लाल रंग के सूट में आईं थीं जबकि मैथिली ठाकुर में पर्पल कलर का लहंगा पहना था. कार्यक्रम में मौजूद अन्य महिलाओं के साथ बीजेपी विधायक और मंत्री जी की पत्नी ने खूब डांस किया.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कार्यक्रम की थीम के अनुसार कपड़े पहन पहुंचीं महिलाएं
कार्यक्रम की थीम के मुताबिक, महिलाओं का ड्रेस कोड भी खास था. हरे और सुनहरे रंग की खूबसूरत साड़ियों में सजी महिलाएं आयोजन स्थल पर पहुंचीं तो होटल मौर्या भी जैसे सावन के रंग में रंग गया. हर महिला को ‘सावन सहेली’ सैश पहनाया गया. इसके बाद शुरू हुआ फोटो और सेल्फी का सिलसिला. किसी ने सहेलियों के साथ पोज दिया तो किसी ने पूरी टोली के साथ यादगार तस्वीरें खिंचवाईं. देखते ही देखते माहौल हंसी और ठहाकों से गूंज उठा.
महिलाओं ने जमाया रंग
यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा. महिलाओं ने एक-दूसरे से बातचीत की, अनुभव साझा किए और जिंदगी से जुड़े किस्से सुनाए. इस तरह से कार्यक्रम में पहुंची आम से लेकर खास महिलाओं ने पूरा रंग जमा दिया. वे साथ जमकर झूमीं और रोजमर्रा की भागदौड़ से कुछ घंटे दूर सिर्फ अपनी खुशियों के नाम किए.
