रोहतास: राखी बांधकर घर लौट रही महिला की हादसे में मौत, लोहार गांव के पास बाइक से गिरने से गयी जान

चेनारी में रक्षाबंधन के दिन भाई को राखी बांधकर घर लौट रही महिला की बाइक से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

Rohtas News : रक्षाबंधन के दिन भाई की कलाई पर राखी बांधकर खुशी-खुशी घर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गयी. घटना चेनारी थाना क्षेत्र के लोहार गांव के समीप की है. मृतका अपने भतीजे के साथ बाइक से घर लौट रही थीं. इसी दौरान एक अन्य बाइक चालक के चकमा देकर आगे निकलने के प्रयास में बाइक असंतुलित हो गयी. ब्रेकर के पास बाइक उछलने से पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गयीं. हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गयी.

भाई को राखी बांधकर भतीजे के साथ लौट रही थीं

जानकारी के अनुसार चेनारी थाना क्षेत्र के कुडनू कला गांव निवासी दसई राम की 58 वर्षीय पत्नी दुखनती देवी रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई को राखी बांधने करहगर थाना क्षेत्र के खडहना गांव गयी थीं. भाई को राखी बांधने के बाद वह अपने भतीजे के साथ बाइक से घर लौट रही थीं. इसी दौरान लोहार गांव के समीप एक बाइक चालक उनकी बाइक को चकमा देते हुए आगे निकलने का प्रयास करने लगा.

अचानक सामने आयी बाइक, बिगड़ा संतुलन

बताया जाता है कि अचानक सामने आये बाइक चालक के कारण दुखनती देवी के भतीजे द्वारा चलायी जा रही बाइक का संतुलन बिगड़ गया. बाइक अनियंत्रित होकर आगे स्थित ब्रेकर के पास पहुंची और ब्रेकर पर उछल गयी. इसी दौरान पीछे बैठी दुखनती देवी सड़क पर गिर गयीं. गिरने से उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आयीं.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचाया. वहां डॉ. योगेश तिवारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया.

राखी की खुशी मातम में बदली

रक्षाबंधन के दिन भाई को राखी बांधने के बाद घर लौट रही दुखनती देवी की रास्ते में मौत होने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गयीं. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.

ब्रेकर के पास संकेतक लगाने की मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि लोहार गांव के समीप सड़क पर बने ब्रेकर के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है. ग्रामीणों ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए ब्रेकर के पास उचित संकेतक लगाने और सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि लोहार गांव के समीप बाइक से गिरने के कारण महिला की मौत होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. परिजनों से प्राप्त जानकारी और घटनास्थल के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

. | Prabhat Khabar Network
. | Prabhat Khabar Network
. | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >