युवाओं की ऊर्जा से ही राष्ट्र का भविष्य मजबूत होता है : विधायक

विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला सम्मान, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश

सासाराम ऑफिस. शांति प्रसाद जैन कॉलेज परिसर में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय बिहार व झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय एकीकरण शिविर (एनआइसी) 2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया. सात दिनों तक चले इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देश के 16 राज्यों के 44 विश्वविद्यालयों और 98 कॉलेजों से आये लगभग 210 स्वयंसेवकों ने भाग लिया. शिविर के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और विविधता की सजीव झलक देखने को मिली. समापन समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और एनएसएस लक्ष्य गीत से हुआ. कार्यक्रम में कुलपति प्रो शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी, दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार, एनएसएस बिहार व झारखंड के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार व कॉलेज के प्राचार्य प्रो नवीन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कुलपति प्रो शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि यह शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि लघु भारत का जीवंत स्वरूप है. अलग-अलग राज्यों से आए स्वयंसेवकों ने अपनी संस्कृति, वेशभूषा और भाषा का आदान-प्रदान किया, जिससे राष्ट्रीय एकता की भावना और सुदृढ़ हुई. उन्होंने युवाओं से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा से ही राष्ट्र का भविष्य मजबूत होता है. एमएलसी जीवन कुमार ने भी इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताया. कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकीकरण शिविर की स्मारिका का लोकार्पण किया गया. विभिन्न राज्यों से आए कार्यक्रम पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. पोस्टर मेकिंग, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पदक व पुरस्कार प्रदान किए गये. सभी स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र भी दिए गये. समापन समारोह में असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा की टीमों ने अपनी पारंपरिक लोक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरा. सात दिनों के दौरान विभिन्न विषयों पर व्याख्यान, समूह चर्चा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े आयोजन किए गये, जिससे स्वयंसेवकों को नई सीख और अनुभव प्राप्त हुआ. अंत में कार्यक्रम समन्वयक डॉ साधना रावत ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और वॉलिंटियर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया. राष्ट्रगान के साथ शिविर का विधिवत समापन हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PANCHDEV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >