VKSU PG Admission : सासाराम से उच्च शिक्षा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के तहत पीजी सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों में एमए, एमएससी और एमकॉम कोर्स में दाखिले के लिए अभ्यर्थी 6 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. इस बार करीब 6900 सीटों पर नामांकन होने की उम्मीद है, जिससे बड़ी संख्या में छात्रों को मौका मिलेगा.
विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, आवेदन की पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जाएगी. स्नातक उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं निर्धारित योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए ऑनर्स कोर्स में कम से कम 45 प्रतिशत अंक और जनरल पास कोर्स में 55 प्रतिशत अंक होना जरूरी माना गया है.
प्रवेश परीक्षा और मेरिट से होगा चयन
संभावित कार्यक्रम के तहत पीजी में नामांकन के लिए अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा और मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा. जानकारी मिल रही है कि प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन यानी ओएमआर शीट पर ली जा सकती है.
परीक्षा पैटर्न की बात करें तो इसमें विषय आधारित 75 प्रश्न पूछे जाने की संभावना है, जो 150 अंकों के होंगे. वहीं सामान्य अध्ययन से 50 प्रश्न पूछे जा सकते हैं, जो 50 अंकों के होंगे. इस तरह कुल 200 अंकों की परीक्षा आयोजित की जाएगी. राहत की बात यह है कि इसमें निगेटिव मार्किंग नहीं रहने की संभावना जताई जा रही है.
आवेदन शुल्क और जरूरी दस्तावेज
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को करीब 1000 रुपये शुल्क जमा करना पड़ सकता है. यह भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा, जिसमें डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और नेट बैंकिंग जैसे विकल्प उपलब्ध रहेंगे.
आवेदन के दौरान छात्रों को अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज अपलोड करने होंगे. इनमें स्नातक, इंटरमीडिएट और मैट्रिक की मार्कशीट, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर शामिल हैं.
आधिकारिक सूचना पर रखें नजर
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले और उसके दौरान आधिकारिक वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर जारी होने वाली सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखें.
छात्रों में बढ़ी उत्सुकता
पीजी में दाखिले को लेकर छात्रों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है. कई अभ्यर्थी लंबे समय से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे थे. अब जैसे ही आवेदन की तारीख सामने आई है, छात्रों ने तैयारी तेज कर दी है.
