Sasaram Vehicle Checking: रोहतास जिले के सासाराम शहर में कलेक्ट्रेट के समीप मंगलवार को परिवहन विभाग ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई. सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई.
किन दस्तावेजों की हुई जांच?
वाहन जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाण पत्र (आरसी), बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों के सीट बेल्ट के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया गया.
वसूला गया 1.20 लाख रुपये जुर्माना
जांच के दौरान जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले या जो यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न मामलों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला. अभियान को देखकर कई वाहन चालक सतर्क नजर आए और नियमों का पालन करते दिखे.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे. उन्होंने वाहन चालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की.
Also Read: सदर अस्पताल नया रोस्टर : जानें किस विभाग में कौन से डॉक्टर कब बैठेंगे?
