धर्मांतरण के आरोप में धार्मिक स्थल पर हंगामा, पुलिस ने कराया खाली
SASARAM NEWS.डेहरी नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया वार्ड नंबर- 17 में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक धार्मिक स्थल के संचालन का विरोध करते हुए तत्काल बंद करने की मांग की है.
विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने धर्मांतरण का किया विरोध
प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का लगाया आरोप
न्यू एरिया वार्ड नंबर 17 के एक निजी मकान में धार्मिक स्थल हो रहा था संचालन
डालमियानगर.
डेहरी नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया वार्ड नंबर- 17 में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक धार्मिक स्थल के संचालन का विरोध करते हुए तत्काल बंद करने की मांग की है. साथ ही प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है. सूचना पर पहुंची डेहरी नगर थाने की पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए दोनों पक्षों से शांति की अपील की. साथ ही धार्मिक स्थल में मौजूद पांच दर्जन से अधिक महिलाओं, पुरुषों व बच्चों को बाहर निकालकर मामले की जांच में जुट गयी है. घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि न्यू एरिया के एक निजी मकान में धार्मिक स्थल का संचालन लगभग एक वर्ष से हो रहा था. जिसमें प्रत्येक रविवार को विभिन्न स्थानों से आये धर्मगुरु प्रलोभन व गुमराह कर दर्जनों की संख्या में लोगों का धर्मांतरण करा रहे थे. स्थानीय लोग धर्मांतरण के खेल से परेशान हो चुके थे. कई बार उसके संचालक से यह खेल बंद करने का आग्रह कर चुके थे. बावजूद इसके धर्मांतरण का खेल जारी था. लोगों की संख्या में लगातार वृद्धि से परेशान स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल से की. लोगों की शिकायत पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री यश उपाध्याय व बजरंग दल के नगर संयोजक अमर सिन्हा के साथ दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने धर्मांतरण की सूचना डेहरी नगर थाने को दी. विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री ने कहा कि डेहरी शहर को किसी भी कीमत पर धर्मांतरण का अड्डा नहीं बनने दिया जायेगा. यदि प्रार्थना के नाम पर भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके धर्म और संस्कृति से दूर करने का प्रयास किया जायेगा, तो विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा. प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करे. मामले पर डेहरी नगर थाना के थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि मामला की सघनता से जांच जारी है और दोनों पक्षों से शांति की अपील की गयी है.