युवक को गोली मारकर अपराधी फरार, हालत चिंताजनक
SASARAM NEWS.प्रखंड के बड्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ुआ गांव में शनिवार देर रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
घायल को सिर में गोली लगने के बाद किया गया वाराणसी रेफर
पुलिस ने पांच नामजद समेत 15 लोगों पर दर्ज की प्राथमिकी.
घटना के बाद पुलिस दो को हिरासत में लेकर कर रही है पूछताछ
शिवसागर.
प्रखंड के बड्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ुआ गांव में शनिवार देर रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर कर दिया.स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ुआ गांव निवासी रामराज बिंद का 37 वर्षीय पुत्र दीपक बिंद रात में खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था. इसी दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली दीपक के सिर में लग गयी. गोली लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गयी.घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों की भीड़ घायल के घर पर जुट रही है. इस संबंध में सदर एसडीपीओ-वन दिलीप कुमार ने बताया कि घायल का इलाज वाराणसी में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. उन्होंने बताया कि घायल की पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले में पांच नामजद और दस अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि अब तक दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है व सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस अनुसंधान कर रही है. जल्द ही अन्य संदिग्धों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.