Rohtas News: (उमेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट) रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के पचौली मोड़ और मिल्की गांव के बीच रविवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया. बीच सड़क पर पिछले तीन दिनों से खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में चालक की जान तो बच गई लेकिन स्थानीय प्रशासन की लापरवाही उजागर हो गई है.
अंधेरे में भिड़े दो ट्रक
ग्रामीणों के अनुसार पचौली मोड़ के पास एक बालू लदा ट्रक शॉर्ट सर्किट की खराबी के कारण पिछले तीन दिनों से बीच सड़क पर लावारिस खड़ा है. रविवार सुबह करीब 4:00 बजे नासरीगंज से दिनारा की ओर जा रहा एक अन्य बालू लदा ट्रक अंधेरे के कारण सड़क पर खड़े इस वाहन को नहीं देख सका और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.गनीमत रही कि टक्कर ट्रक के बाएं हिस्से (कंडक्टर साइड) में हुई, जिससे ड्राइवर बाल-बाल बच गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ट्रक में कोई खलासी या सह-चालक मौजूद होता तो उसकी जान जाना निश्चित था.
तीन घंटे तक थमी रही रफ्तार, हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
इस जोरदार भिड़ंत के बाद बिक्रमगंज-दिनारा स्टेट हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया. सुबह 4:00 बजे से लेकर 7:00 बजे तक करीब तीन घंटे तक सड़क पर गाड़ियों का पहिया थमा रहा. सड़क के दोनों ओर ट्रकों और यात्री वाहनों की लंबी कतार लग गई. बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कर यातायात सुचारु कराया गया.
ग्रामीणों में है आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश जाहिर किया है. लोगों का कहना है कि तीन दिनों से बीच सड़क पर ट्रक खड़ा होने के बावजूद पुलिस ने उसे हटवाना जरूरी नहीं समझा. हाइवे पर लाइट की व्यवस्था न होने के कारण खड़ा ट्रक रात में मौत का जाल बन जाता है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस ट्रक को वहां से नहीं हटाया गया तो किसी भी समय कोई बड़ी जानलेवा घटना घट सकती है.
Also read बेगूसराय में जमीनी विवाद में जमकर हुई पत्थरबाजी,आधा दर्जन लोग घायल
