प्यारपुर आग लगने से सैकड़ों बिगहा डंठल जलकर राख, दो किशोर झुलसे
खेत की आग में दो किशोर झुलसे: पछुआ हवा ने बढ़ायी तबाही
सरकारी रोक के बावजूद खेतों में धड़ल्ले से जलायी जा रही पराली
112 और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू
फोटो-8- आग से झुलसा खेसारी लाल. ए- आयुष राम. प्रतिनिधि, अकोढ़ीगोला
प्रखंड क्षेत्र के प्यारपुर बधार में पराली की आग की चपेट में आने से दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गये. घायलों में प्यारपुर गांव निवासी राजू राम का 13 वर्षीय पुत्र खेसारी लाल और मिथुन राम का 11 वर्षीय पुत्र आयुष राम शामिल है. दोनों का हाथ, पैर और चेहरा झुलस गया है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अकोढ़ीगोला भेजा गया.
खेलते समय आग की चपेट में आये बच्चे
मिथुन राम ने बताया कि दोनों बच्चे खेलते हुए बधार की ओर चले गये थे. इसी दौरान पश्चिम दिशा स्थित बुधुआ महुअरी गांव की ओर से डंठल में लगी आग पछुआ हवा के कारण तेजी से फैली और बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया. सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े बच्चों को एक कार सवार ने गांव पहुंचाया. सूचना मिलने पर 112 पुलिस वाहन और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और मशक्कत के बाद आग को बुझाया. सरकार द्वारा किसानों को फसल अवशेष न जलाने के प्रति जागरूक करने और आरोपित पर कार्रवाई के कड़े निर्देश के बावजूद क्षेत्र में पराली जलाने की घटनाएं थम नहीं रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की शिथिलता के कारण नियम धरे के धरे रह गये हैं. अब तक किसी भी आरोपित पर ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आयी है, जिससे ऐसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.