रोहतास: 'एक शाम शहीदों के नाम' में वीर जवानों को नमन, झंडा दिवस कोष में सहयोग की प्रशासन ने की अपील

रोहतास में 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई. प्रशासन ने सशस्त्र सेवा झंडा दिवस कोष में आर्थिक सहयोग की अपील की है, जो शहीदों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए उपयोग होगा.

Rohtas News : रोहतास अनुमंडल प्रशासन की ओर से सशस्त्र सेवा झंडा दिवस कोष संग्रह के उद्देश्य से शनिवार को फजलगंज स्थित मल्टी परपस हॉल में 'एक शाम शहीदों के नाम' सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, डीएसपी विप्लव कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सम्मान में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं.

वीर जवानों के सम्मान में सहयोग का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए हमारे सैनिक दिन-रात सीमाओं पर डटे रहते हैं. ऐसे वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. उन्होंने लोगों से सशस्त्र सेवा झंडा दिवस कोष में बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग करने की अपील की.

'छोटे सहयोग से बनता है बड़ा योगदान'

एसडीएम ने कहा कि "एक-एक बूंद से तालाब भरता है." उसी तरह लोगों के छोटे-छोटे सहयोग से बड़ी राशि एकत्र होती है, जिसका उपयोग शहीद सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रित परिवारों के कल्याण के लिए किया जाता है. उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया.

देशभक्ति से सराबोर रहा पूरा आयोजन

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए. देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का भाव जगाया. आयोजन के अंत में शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए झंडा दिवस कोष संग्रह अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pramod kr srivastav

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >