रोहतास: दिनारा ओवरब्रिज पर तीन ट्रकों की भिड़ंत, तीन लोग घायल, एक की हालत गंभीर

आरा-मोहनियां नेशनल हाईवे पर दिनारा ओवरब्रिज पर रविवार को तीन भीषण सड़क दुर्घटनाएं हुईं. इन हादसों में दो ट्रक चालकों समेत तीन लोग घायल हो गए. गिट्टी लदे ट्रकों की भिड़ंत और अनियंत्रित होकर पलटने की घटनाएं ओवरब्रिज पर अफरातफरी का माहौल बना गईं.

Dinara Overbridge Truck Accident Rohtas : आरा-मोहनियां नेशनल हाईवे स्थित दिनारा ओवरब्रिज पर रविवार को अलग-अलग हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं में दो ट्रक चालकों समेत तीन लोग घायल हो गए. हादसों के बाद ओवरब्रिज पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रकों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

Rohtas News : ट्रक में फंसा चालक, कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर

पहले हादसे में महाराष्ट्र के पुणे से पटना जा रहा अनार और सेब से लदा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में ट्रक चालक विनय कुमार, पिता प्रवेश कुमार, निवासी प्रयागराज (कोरवा) गंभीर रूप से घायल हो गया. चालक ने बताया कि रास्ते में आरा जाने के लिए मिले राधेश्याम नामक व्यक्ति को भी उसने ट्रक में बैठा लिया था, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया.

गंभीर घायलों को किया गया रेफर

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया.

गिट्टी लदे दो ट्रकों की भी हुई टक्कर

एक अन्य हादसे में ओवरब्रिज पर गिट्टी से लदे एक ट्रक ने आगे चल रहे दूसरे गिट्टी लदे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि चालक मनोज गुप्ता, पिता स्व. लक्ष्मण साह, निवासी किरहिंडी (सासाराम), बाल-बाल बच गए.

तीसरे हादसे में युवक घायल, सासाराम में चल रहा इलाज

इसी दिन हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में रामगढ़ के नुआंव निवासी कमलेश सिंह के पुत्र अखिलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >