रोहतास में मंदिरों पर चोरों की नजर, मां काली और महावीर मंदिर से लाखों के गहने और कीमती सामान चोरी

रोहतास जिले में चोरों ने दो मंदिरों में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मां काली और महावीर मंदिर से कीमती गहने और सामान गायब हैं। इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Rohtas Temple Theft : रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो मंदिरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. तेंदुआ गांव स्थित मां काली मंदिर और महावीर मंदिर का ताला तोड़कर हुई इस वारदात के बाद श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

ताला तोड़कर मंदिर से गहने और कीमती सामान ले उड़े चोर

जानकारी के अनुसार संझौली थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव के समीप स्थित मां काली मंदिर और महावीर मंदिर में सोमवार रात चोरों ने धावा बोल दिया. चोरों ने दोनों मंदिरों का ताला तोड़कर मां काली के आभूषण समेत लाखों रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. मंगलवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला और मंदिर से सामान गायब था.

Sanjhauli Temple Robbery: सुबह पूजा के दौरान हुआ चोरी का खुलासा

ग्रामीण कमलेश सिंह, विनोद कुमार, लोकनाथ सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि प्रतिदिन की तरह सोमवार शाम पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में ताला बंद कर दिया गया था. मंगलवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला. अंदर जाकर देखा गया कि देवी-देवताओं के गहने और अन्य सामान गायब थे. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.

Rohtas News : पहले भी हो चुकी है मंदिर में बड़ी चोरी

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले जिगनी गांव के महावीर मंदिर में भी लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों और अन्य सामान की चोरी हुई थी. उस मामले में पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर चोरी का खुलासा करते हुए गहने बरामद कर लिए थे और आरोपितों को गिरफ्तार किया था. अब तेंदुआ गांव के लोगों को भी उम्मीद है कि इस मामले का जल्द खुलासा होगा.

श्रद्धालुओं में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में नाराजगी है. गांव की गलियों से लेकर बाजार तक इस घटना की चर्चा हो रही है. लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

Sasaram News : पुलिस बोली- जल्द होंगे चोर गिरफ्तार

संझौली थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान मंदिर का ताला टूटा मिला और चोरी की पुष्टि हुई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा.

Also read : रोहतास में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से नगरवासियों में बीमारी का डर, चार साल में सिर्फ दो बार हुई फॉगिंग



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Virendra kumar

Published by: Vivek Singh

वीरेंद्र वर्ष 2008 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उन्हें क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है और वे अपने क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उजागर करने में माहिर हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >