Sasaram News : (राकेश कुमार) तिलौथू प्रखंड में बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या एक बार फिर गंभीर हो गई है. जगदेव चौक से तिलौथू गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भारी जलभराव के कारण पूरी तरह बाधित हो जाती है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश शुरू होते ही यह मार्ग झील में तब्दील हो जाता है. परिणामस्वरूप ग्रामीणों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है.
सड़क पर ही भर जाता है नाले का पानी
यह वही स्थिति है जो पिछले वर्ष भी देखने को मिली थी, जब जलजमाव के कारण यह सड़क पूरी तरह बंद हो गई थी. समस्या का मुख्य कारण सड़क किनारे बने नाले का प्रभावी ढंग से कार्य न करना बताया जा रहा है. पूर्व में तिलौथू पूर्वी पंचायत की ओर से नाला निर्माण कराया गया था, लेकिन उसका पानी कहीं डिस्चार्ज नहीं हो पाता और वह वापस सड़क पर ही भर जाता है. इससे रूरल अपलिफ्ट क्लब, अमलतास निकेतन, पीएनबी बैंक, स्टेट बैंक और पोस्ट ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस क्षेत्र का पानी तिलौथू स्टेट की बाउंड्री में चला जाता था, लेकिन अब वह रास्ता भी बंद हो चुका है. वहीं सड़क निर्माण तो किया गया, लेकिन नाली की व्यवस्था अधूरी छोड़ दी गई, जिससे समस्या और बढ़ गई है.
नाला निर्माण के बाद ही समस्या का समाधान होगा
वर्तमान में पंचायत मुखिया पुनीता द्विवेदी द्वारा बड़ी मस्जिद से संगत गुरुद्वारा मार्ग तक नाला का निर्माण कर पानी निकासी की कोशिश की गई, लेकिन यह व्यवस्था भी कारगर साबित नहीं हो सकी. ग्रामीणों का मानना है कि इस समस्या का स्थायी समाधान नए सिरे से नाला निर्माण के बाद ही संभव है, जिसके लिए बड़े बजट की आवश्यकता है.
बीडीओ ने कहा-विधायक से हुई हैं बात
इस संबंध में बीडीओ अंकिता जैन ने बताया कि नाली निर्माण को लेकर स्थानीय विधायक से बात की गई है. पंचायत स्तर से इस कार्य को कराना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि विधायक से सकारात्मक आश्वासन मिला है.
बीडीओ ने यह भी बताया कि पानी की निकासी एनएच की नाली में की जा सकती थी, लेकिन वह भी पूरी तरह जाम है. ग्रामीणों ने प्रशासन से एनएच नाली की सफाई कराने की भी मांग की है, ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
