Rohtas News : रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला में मुख्य बाजार स्थित 70 वर्ष पुराने शिव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के तहत सोमवार को मंदिर के नए गुंबद की स्थापना से पहले भव्य नगर भ्रमण कराया गया. शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे बाजार में भगवान भोलेनाथ के जयकारों से भक्तिमय माहौल बन गया.
शिव मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा
मुख्य बाजार चौक के समीप आरा नहर तट स्थित शिव मंदिर परिसर से गुंबद का नगर भ्रमण शुरू हुआ. शोभायात्रा सुभाष रोड, काली मंदिर, डेहरी रोड, राजपुर रोड और चांदी रोड सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः शिव मंदिर पहुंची. इस दौरान श्रद्धालु भगवा और पीले वस्त्र पहनकर भक्ति गीतों के साथ यात्रा में शामिल हुए.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई गुंबद की स्थापना
नगर भ्रमण के बाद आचार्य गोपाल पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के शीर्ष पर नए गुंबद की विधिवत स्थापना कराई. धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की.
70 वर्ष पुराने मंदिर का कराया जा रहा जीर्णोद्धार
मंदिर समिति के सदस्य विकास कुमार गुप्ता, अरविंद गुप्ता और निर्मल गुप्ता ने बताया कि करीब 70 वर्ष पुराने शिव मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है. मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ आकर्षक गुंबद का निर्माण भी कराया गया है, जिससे मंदिर की भव्यता और बढ़ गई है.
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
गुंबद के नगर भ्रमण और स्थापना कार्यक्रम में प्रमोद गुप्ता, आनंदजी गुप्ता, अरुण शौंडिक, कौशल कुमार, प्राण कुमार, सुनील गुप्ता, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. पूरे कार्यक्रम के दौरान बाजार क्षेत्र भक्ति और उत्साह के माहौल में डूबा रहा.
