Rohtas News : सीएचसी परिसर स्थित क्वारेंटाइन भवन में शुक्रवार को ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने यक्ष्मा से पीड़ित 60 मरीजों के बीच फूड पैकेट का वितरण किया. पैकेट में करीब 12 किलोग्राम खाद्य सामग्री दी गई, जिसे पाकर मरीजों ने संतोष जताया.
टीबी को छिपाएं नहीं, समय पर कराएं जांच
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि जागरूकता और जनसहयोग से ही समाज को टीबी मुक्त बनाया जा सकता है. उन्होंने बताया कि टीबी शरीर के किसी भी अंग को प्रभावित कर सकती है. यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहे, लगातार कमजोरी महसूस हो या खांसी के साथ बलगम अथवा खून आए तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए.
समुचित इलाज से ठीक हो सकती है टीबी
सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की कि किसी भी स्थिति में टीबी को छिपाएं नहीं. समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित उपचार से इस बीमारी का समुचित इलाज संभव है. उन्होंने मरीजों को दवा नियमित रूप से लेने और उपचार बीच में नहीं छोड़ने की सलाह दी.
स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन ज्ञानेंद्र कुमार ने किया. मौके पर बीडीओ अजीत कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रविकांत केसरी, डॉ. दिनेश्वर कुमार सिंह, डॉ. नवनीत कुमार, डॉ. प्रीति कुमारी, बीएचएम रितेश स्वरूप, बीसीएम मानसी कुमारी, ज्ञानेंद्र कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
