कस्तूरबा विद्यालय में 10 वर्षीया छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, जांच में जुटी पुलिस
SASARAM NEWS.चेनारी थाना क्षेत्र के खुरमाबाद गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में गुरुवार की दोपहर 12 बजे कैमूर की एक 10 वर्षीया छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गयी.
कस्तूरबा विद्यालय में 10 वर्षीया छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, जांच में जुटी पुलिस
सीने में दर्द के बाद अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम, परिजनों ने अनहोनी की जतायी आशंका
चेनारी थाना क्षेत्र के खुर्माबाद गांव स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में रह कर पढ़ाई करती थी छात्रा
कैमूर के अधौरा थाना क्षेत्र के बांध गांव निवासी तिलकधारी सिंह की 10 वर्षीया पुत्री थी इंदु कुमारी
सासाराम ग्रामीण.
चेनारी थाना क्षेत्र के खुरमाबाद गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में गुरुवार की दोपहर 12 बजे कैमूर की एक 10 वर्षीया छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गयी. मृतका कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र के बांध गांव निवासी तिलकधारी सिंह की करीब 10 वर्षीया पुत्री इंदु कुमारी बतायी जा रही है. छात्रा की मौत के बाद विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मचा है और पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. इस मामले में सिविल सर्जन डॉ मणिराज रंजन ने बताया कि छात्रा आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थी. जहां कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी. गुरुवार को छात्रा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद शिवसागर स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन सदर अस्पताल आते-आते उसकी मौत हो गयी. सीएस ने कहा कि छोटी बच्ची की मौत को लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा. वहीं प्रभारी सदर एसडीएम सह डीसीएलआर अशोक कुमार व सदर एसडीपीओ- 1 दिलीप कुमार ने बताया कि छात्रा की मौत के बाद एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर भेज कर जांच करायी जा रही है. इसके बाद परिजनों से पूरी जानकारी ली गयी है.जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
परिजनों में मचा कोहराम, छात्राओं में दहशत
घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी गयी, इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया. अस्पताल पहुंचते ही परिजन अपनी पुत्री के शव से लिपटकर रोने लगे और उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जतायी है.इधर, आवासीय विद्यालय में महज 10 वर्ष की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत से अन्य छात्राओं में भी दहशत का माहौल है और सभी बच्चे डरे-सहमे हुए हैं.
जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना के बाद चेनारी थाने की पुलिस ने पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा आवासीय विद्यालय के वार्डन व अन्य छात्राओं से पूछताछ की जा रही है और पुलिस ने घटनास्थल से कई सबूत भी इकट्ठा किये हैं. हालांकि वार्डन का कहना है कि छात्रा ने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उसे शिवसागर सीएचसी में भर्ती कराया गया था.
हरकत में दिखे शिक्षा विभाग के अधिकारी
छात्रा इंदु की मौत के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में आ गये. सदर अस्पताल में छात्रा की मौत के बाद चेनारी सह शिवसागर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, डीइओ मदन राय, डीपीओ माध्यमिक प्रियंका कुमारी सहित कई अधिकारी पहुंचे. जहां छात्रावास वार्डन, विद्यालय की शिक्षिका से पूरी जानकारी ली.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.