रोहतास: दावथ और सूर्यपुरा को मिली शिक्षा की सौगात, दो मॉडल स्कूलों का हुआ वर्चुअल उद्घाटन

रोहतास जिले के दावथ और सूर्यपुरा प्रखंडों को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है. मुख्यमंत्री ने दो सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों का वर्चुअल उद्घाटन किया. इन स्कूलों में डिजिटल लर्निंग से लेकर रोबोटिक्स तक की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

Surajpura Dawath Model School Inauguration Rohtas : रोहतास जिला के दावथ और सूर्यपुरा प्रखंड को रविवार को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली. दावथ प्रखंड के कोआथ नगर पंचायत स्थित जगनारायण प्लस-टू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा सूर्यपुरा प्रखंड मुख्यालय स्थित राजराजेश्वरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री ने बेगूसराय से किया. इस अवसर पर दोनों विद्यालय परिसरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए.

डिजिटल लर्निंग से लेकर रोबोटिक्स तक की मिलेगी सुविधा

नोडल पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी प्रमोद कुमार और प्रभारी प्रधानाध्यापक राजीव रंजन पांडे ने बताया कि मॉडल स्कूलों में विद्यार्थियों को डिजिटल लर्निंग क्लास, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, हाई-स्पीड इंटरनेट और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, रोबोटिक्स, मशीन लर्निंग, खेल एवं फिटनेस की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. छात्राओं के लिए कॉमन रूम और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.

अधिकारियों और शिक्षकों की रही मौजूदगी

उद्घाटन कार्यक्रम में बीडीओ तेज बहादुर सुमन, थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत, शिक्षक कुमार रंजीत, विमलेश कुमार मिश्रा, मंटू कुमार, संजीत कुमार, भरत गिरी, दिवाकर चौबे, आलोक मिश्रा, सुमन कुमारी, अमरदीप चौधरी, निश्चय वर्मा, विद्योतमा इंदु कुमारी, अनुदेशक लालाबाबू सिंह, अर्जुन मौआर, दशई राम सहित कई अधिकारी, शिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

एक सप्ताह में शिक्षा के क्षेत्र में मिली दो बड़ी उपलब्धियां

सूर्यपुरा जैसे छोटे प्रखंड के लिए एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी उपलब्धि है. कुछ दिन पहले ही प्रखंड मुख्यालय में सरकारी डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन हुआ था, जबकि अब राजराजेश्वरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की योजना का शुभारंभ हुआ है. इससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है.

ग्रामीण छात्रों को मिलेगी शहरों जैसी आधुनिक शिक्षा

बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड में एक विद्यालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है. इस योजना के तहत सूर्यपुरा और दावथ के चयनित विद्यालयों में अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी निजी कॉन्वेंट स्कूलों जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >