Rohtas Excise SI Exam 2026 : रोहतास जिले में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से आयोजित अवर निरीक्षक (उत्पाद एवं मद्य निषेध) प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को 25 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. परीक्षा में 12,120 अभ्यर्थी शामिल होंगे. जिला प्रशासन ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
Rohtas News : 25 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
परीक्षा रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक पाली में आयोजित की जाएगी. सभी अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा. तय समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
Bihar POlice SI exam : प्रवेश से पहले होगी सघन जांच
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र और आयोग द्वारा निर्धारित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी है. परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा.
सुरक्षा के किए गए व्यापक इंतजाम
सभी 25 परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित थाना पुलिस को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं.
अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले घर से निकलने, यातायात की संभावित भीड़ को ध्यान में रखने और केवल बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग तथा जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है. साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कदाचार या परीक्षा की गोपनीयता भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
