रोहतास: शिवसागर स्कूल में महिला सुरक्षा पर जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को बताए गए कानूनी अधिकार

शिवसागर के श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ. छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और बीएनएस-2023 के कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई. यह कार्यक्रम कानूनी समझ बढ़ाने में महत्वपूर्ण है.

Rohtas News : रोहतास जिला के शिवसागर प्रखंड स्थित श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यालय डीएसपी एवं शिवसागर थाना की एसआई जया भारती ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 के तहत महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी. इस दौरान विद्यार्थियों के बीच महिला सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए.

कानून का सम्मान और गलत गतिविधियों से दूर रहने की अपील

मुख्यालय डीएसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें. उन्होंने कानून का सम्मान करने और किसी भी परिस्थिति में गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि गलत संगत, नशे की प्रवृत्ति, साइबर अपराध और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है.

महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

डीएसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कहीं महिलाओं, बालिकाओं या किसी अन्य व्यक्ति के साथ अपराध होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. साथ ही स्वयं भी किसी गलत गतिविधि का हिस्सा न बनने की सलाह दी.

बीएनएस, पॉक्सो और आईटी एक्ट की दी विस्तृत जानकारी

एसआई जया भारती ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023, पॉक्सो अधिनियम-2012, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम-2000 तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने हेल्पलाइन नंबरों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया.

प्रधानाचार्या ने बताया ऐसे कार्यक्रमों को उपयोगी

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अमृता धीर ने की. उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानूनी समझ, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

शिक्षक भी रहे मौजूद

इस अवसर पर शिक्षक संजय कुमार, एच.के. झा, अखिलेश पासवान, मनोज कुमार, राकेश कुमार, बिजेंद्र केसरी, प्रिया कुमारी, शांति पूनम, अनीता सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >