Rohtas News : प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शिक्षा समागम सह नासरीगंज प्रखंड सम्मेलन का आयोजन प्रखंड के कैंडेन्स स्मार्ट स्कूल, अमियावर में किया गया. सम्मेलन में शिक्षा के विकास, निजी विद्यालयों की भूमिका, बच्चों के कल्याण और नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यालयों के संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. एस.पी. वर्मा और विशिष्ट अतिथि रोहित वर्मा उपस्थित रहे. कार्यक्रम का मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सुभाष कुमार कुशवाहा ने किया.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर प्रबंधन जरूरी
मुख्य अतिथि डॉ. एस.पी. वर्मा ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यालयों का कुशल और व्यवस्थित संचालन भी जरूरी है. उन्होंने स्कूल निदेशकों को विद्यालय के प्रशासन, शैक्षणिक प्रबंधन और आधुनिक तकनीकी पहलुओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बदलती शिक्षा व्यवस्था के अनुरूप विद्यालय प्रबंधन को लगातार खुद को अपडेट रखना होगा.
नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम में बदलाव पर जोर
डॉ. वर्मा ने विद्यालयों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के तकनीकी तौर-तरीकों पर चर्चा की. उन्होंने नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम और सिलेबस को व्यवस्थित तरीके से लागू करने के संबंध में स्कूल निदेशकों को मार्गदर्शन दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शिक्षण पद्धतियों में भी आवश्यक बदलाव किए जाने चाहिए.
शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला
विशिष्ट अतिथि रोहित वर्मा ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है. विद्यालय संचालकों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. बच्चों को ऐसा शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे ज्ञान और कौशल के साथ आत्मविश्वास भी विकसित कर सकें. उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी पक्षों को मिलकर काम करने की आवश्यकता बताई.
सम्मेलन में बड़ी संख्या में विद्यालय संचालक हुए शामिल
कार्यक्रम में जिला महासचिव अनिल कुमार शर्मा, जिला मुख्य संयोजक धनेन्द्र कुमार, जिला संयुक्त सचिव सुनील कुमार, डेहरी अनुमंडल अध्यक्ष विनायक सिंह, बिक्रमगंज अनुमंडल अध्यक्ष गुलाब कुमार समेत बड़ी संख्या में विद्यालय संचालक मौजूद रहे. इनमें राजेंद्र प्रसाद, विनय कुमार, चंद्रशेखर सिंह, सुनील कुमार, महामुनि प्रसाद, जनार्दन शर्मा, दीप नारायण पांडेय, संतोष श्रीवास्तव, अभिनव कुमार, निलेश कुमार, सत्यनारायण प्रसाद, कपिल मुनि प्रसाद, सुमन कुमार, सैयद अबरार अहमद, अनिल कुमार श्रीवास्तव, मंटू कुमार और लक्ष्मण प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल थे.
