Rohtas News : शिवसागर थाना परिसर में रविवार को नेशनल सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के तत्वावधान में सीनियर सिटीजन सेल की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, उनकी समस्याओं और उन्हें सुलभ न्याय उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. थाना स्तर पर बुजुर्गों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया.
वरिष्ठ नागरिक समाज के मार्गदर्शक : थानाध्यक्ष
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के मार्गदर्शक होते हैं. उनकी देखभाल और सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखें. उनकी शिकायतों का सम्मानपूर्वक समाधान किया जायेगा. उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है.
2007 में शुरू हुई थी सीनियर सिटीजन सेल की व्यवस्था
नेशनल सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव रामायण पांडेय एलौन ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से वर्ष 2007 में फरीदाबाद के तत्कालीन एसपी अशोक मित्तल ने थानों में सीनियर सिटीजन सेल के गठन की शुरुआत की थी. इसमें दो पुलिस अधिकारी और नौ वरिष्ठ नागरिक शामिल होते थे.
उन्होंने बताया कि रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने वर्ष 2010 में तथा कैमूर के एसपी शिखर चौधरी ने वर्ष 2026 में इस व्यवस्था को शुरू किया.
बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार पर जतायी चिंता
रामायण पांडेय एलौन ने कहा कि बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं बढ़ रही हैं. कई मामलों में उन्हें अपने ही परिजनों द्वारा प्रताड़ित किया जाता है. ऐसे में थाना स्तर पर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता और सौहार्दपूर्ण तरीके से समाधान किया जाना जरूरी है. इससे वरिष्ठ नागरिकों का पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत होगा.
कई बुजुर्गों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान
बैठक के दौरान कई वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया. इसके साथ ही अगले सत्र के लिए सीनियर सिटीजन सेल की कमेटी का गठन किया गया.
कमेटी में थानाध्यक्ष रितेश कुमार को अध्यक्ष, अपर थानाध्यक्ष सतीश कुमार उपाध्याय तथा शिकरौर पंचायत के मुखिया लल्लू भगत, बेनीमाधव सिंह, शिवपूजन शर्मा, बद्रीनारायण सिंह, राजेश्वर चौबे, रामजी सिंह और कमेश्वर पांडेय को सदस्य बनाया गया. मौके पर सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर पंडित सहित अन्य पुलिसकर्मी और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे.
