Sasaram News : बिक्रमगंज-नटवार मुख्य सड़क पर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने 28 भैंसों से लदे एक कंटेनर को पकड़ लिया. एसडीएम की कार्रवाई से पशु तस्करी का मामला सामने आया. पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है.
पेड़ की टहनी हटवाने के दौरान कंटेनर पर पड़ी नजर जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार बुधवार को किसी कार्य से नटवार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान मैधरा गांव के समीप सड़क के बीच एक पेड़ की बड़ी टहनी गिरी हुई दिखाई दी. एसडीएम ने सुरक्षा प्रहरियों की मदद से सड़क से टहनी हटवाने की कार्रवाई शुरू करायी. इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर पर उनकी नजर पड़ी. संदेह होने पर उन्होंने कंटेनर की जांच कराने का निर्देश दिया.
कंटेनर में ठूंस-ठूंसकर लदी थीं 28 भैंसें कंटेनर खुलने पर उसके अंदर बड़ी संख्या में भैंसें ठूंस-ठूंसकर लदी मिलीं. गिनती कराने पर कुल 28 भैंसें बरामद हुईं. पुलिस के अनुसार, जब्त कंटेनर का नंबर बीआर 44 एचटी 2770 है.
चालक और सहयोगी की हुई पहचान, दोनों गिरफ्तार गिरफ्तार चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के सियारा मिठेपुर गांव निवासी मो. इसरायल, पिता इकबाल अहमद के रूप में हुई है. वहीं, उसके सहयोगी की पहचान बिक्रमगंज नगर परिषद के वार्ड 22 निवासी औरंगजेब कुरैशी, पिता मरहूम कयूम कुरैशी के रूप में की गयी है. दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
कहां से लायी गयीं भैंसें, कहां ले जाया जा रहा था, जांच जारी डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि चालक और खलासी के खिलाफ बिक्रमगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. हालांकि, भैंसों को कंटेनर में कहां से लोड किया गया था, उन्हें कहां ले जाया जा रहा था और इसका मालिक कौन है, इसका खुलासा नहीं हो सका है. बरामद सभी मवेशियों को सासाराम स्थित पशु गौशाला भेजा जा रहा है.
Also Read : सासाराम में अजय पासवान बने लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रदेश मीडिया सह प्रभारी
बसगीतिया गांव से दो भैंस चोरी होने की भी शिकायत इधर, बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के बसगीतिया गांव निवासी बीरेंद्र कुमार यादव ने बुधवार को अपनी दो भैंस चोरी होने की शिकायत पुलिस से की है. उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात दोनों भैंसें गौशाला में थीं. बुधवार सुबह गौशाला पहुंचने पर दोनों गायब मिलीं. इसके बाद उन्होंने सुबह करीब 10 बजे बिक्रमगंज थाने में इसकी सूचना दी.
Also Read : सासाराम में काली मंदिर में दुस्साहसिक चोरी, सोने की आंख और मुकुट समेत दो लाख का सामान ले उड़े चोर
बरामद भैंसों में चोरी की मवेशियों की पहचान की कोशिश दो भैंसों की चोरी की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस बरामद 28 भैंसों में चोरी गयी भैंसों की पहचान कराने की दिशा में भी जांच कर रही है. इससे बरामद मवेशियों के संबंध में और जानकारी मिलने की संभावना है.
Also Read : तेंदुआ पहाड़ शिव मंदिर परिसर रोशनी से हुआ जगमग, नौ स्ट्रीट लाइटें लगने से श्रद्धालुओं को मिली राहत
