Rohtas News : स्वतंत्रता दिवस पर सासाराम स्थित शेरशाह सूरी मकबरे में राष्ट्रीय ध्वज ले जाने पर रोक का दावा करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो का सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमार ने खंडन करते हुए विज्ञप्ति जारी की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मारक परिसर में राष्ट्रीय ध्वज ले जाने पर किसी प्रकार की रोक नहीं है.
एसडीएम ने विज्ञप्ति में कहा है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, पटना मंडल के अंतर्गत संरक्षित स्मारक शेरशाह सूरी का मकबरा, सासाराम से संबंधित कुछ वायरल वीडियो संज्ञान में आये हैं. इनमें किसी पर्यटक को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज साथ ले जाने से रोके जाने की बात कही जा रही थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज को स्मारक परिसर में ले जाने के लिए किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं है. इसलिए राष्ट्रीय ध्वज पर रोक या इसे एएसआई के किसी आदेश से जोड़कर प्रचारित करना भ्रामक और तथ्यहीन है.
व्यक्तिगत फोटोग्राफी पर नहीं है रोक
विज्ञप्ति में बताया गया कि स्मारक परिसर में व्यक्तिगत फोटोग्राफी के लिए किसी प्रकार की रोक नहीं है. हालांकि, व्यावसायिक फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ बड़े कैमरा, ट्राइपॉड, मोनोपॉड अथवा फ्लैश लाइट के इस्तेमाल के लिए निर्धारित नियम लागू हैं. बिना अनुमति के व्यावसायिक फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और उक्त उपकरणों का इस्तेमाल प्रतिबंधित है. ये नियम स्मारक के संरक्षण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू किये गये हैं.
कई स्मारकों को तिरंगा रंग से सजाता रहा है एएसआई
सदर एसडीएम ने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से पिछले कुछ वर्षों से कई स्मारकों को तिरंगा रंग से सजाया जाता रहा है. ऐसे में शेरशाह सूरी मकबरे में राष्ट्रीय ध्वज ले जाने पर प्रतिबंध की बात सही नहीं है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना का प्रचार-प्रसार न करें और वायरल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें.
