कार्यालय परिचारी पद पर नियुक्ति को लेकर 34 अभ्यर्थियों की संवीक्षा 16 जून को

Sasaram news.कार्यालय परिचारी / परिचारी (विशिष्ट) के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया अब महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुकी है.

बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अनुसार डीआरडीए सभागार सासाराम में होगी दस्तावेज जांच

अनुपस्थित होने पर 18 जून को मिलेगा अंतिम अवसर

सासाराम ऑफिस

कार्यालय परिचारी / परिचारी (विशिष्ट) के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया अब महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुकी है. बिहार कर्मचारी चयन आयोग पटना ने 34 अभ्यर्थियों का चयन कर अनुशंसा की है. इन अभ्यर्थियों की संवीक्षा व प्रमाण पत्रों की जांच 16 जून 2025 को सुबह 11 बजे से डीआरडीए सभागार रोहतास सासाराम में की जायेगी. बता दें कि उच्च न्यायालय पटना के आदेश व सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार पूर्व में विज्ञापन संख्या 01/2012 के आलोक में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए 15 सितंबर 2024 को लिखित परीक्षा आयोजित की गयी थी. इसके बाद 5 फरवरी 2025 को प्रमाण पत्रों की समीक्षा हुई और सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए अनुशंसा की गयी. इसको लेकर डीएम ने कार्यालय आदेश जारी किया है, जिसमें अभ्यर्थियों सहित अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिये गये हैं.

जरूरी कागजातों के साथ पहुंचें अभ्यर्थी

जारी डीएम कार्यालय आदेश के अनुसार सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्देश देते हुए कहा गया है कि चयनित अभ्यर्थी अपने साथ आयोग द्वारा निर्गत प्रवेश-पत्र, पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा पूर्व कार्यस्थल से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर उपस्थित होना अनिवार्य है.

18 जून को मिलेगा एक और मौका

पत्र में कहा गया है कि यदि कोई अभ्यर्थी 16 जून को किसी वैध कारण से उपस्थित नहीं हो पाता है, तो वह 18 जून 2025 को जिला स्थापना शाखा रोहतास सासाराम में सभी वांछित कागजातों के साथ उपस्थित होकर संवीक्षा प्रक्रिया में भाग ले सकता है.

जांच दल गठित, पूरी व्यवस्था तय

तीन समूहों में विभाजित पदाधिकारियों की टीम बनायी गयी है, जो कुल 34 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की सजगता से जांच करेगी. जहां आवेदन संख्या एक से 12 (कुल 12) तक के अभ्यर्थियों के कागजातों की जांच जिला कल्याण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार करेंगे, इनके साथ कर्मी के रूप में जिला राजस्व शाखा के उच्च वर्गीय लिपिक ब्रजेश रंजन, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के निम्न वर्गीय लिपिक अंकित कुमार होंगे. वहीं आवेदन संख्या 13 से 23 (कुल 11) अभ्यर्थियों के कागजातों की जांच जिला योजना पदाधिकारी तनवीर आलम करेंगे, इनके साथ कर्मी के रूप में जिला स्थापना शाखा के उच्च वर्गीय लिपिक अतुल कुमार, जिला कल्याण कार्यालय के निम्न वर्गीय लिपिक अमित कुमार होंगे व आवेदन संख्या 24 से 34 (कुल 11) अभ्यर्थियों के कागजातों की जांच परियोजना पदाधिकारी सह निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार करेंगे. इनके साथ कर्मी के रूप में जिला नजारत शाखा के उच्च वर्गीय लिपिक संतोष कुमार गौतम, जिला आपूर्ति कार्यालय के निम्न वर्गीय लिपिक वेद प्रकाश सिंह होंगे. साथ ही, जिला नजारत शाखा को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

जिला प्रशासन ने दिए स्पष्ट निर्देश

डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों व कर्मियों को समय पर उपस्थित रहकर कर्तव्यों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >