Sasaram Bijli Accident News: ( डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव) सासाराम नगर थाना क्षेत्र के आदमखानी मोहल्ले में शनिवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक बिजली ट्रांसफार्मर और उससे जुड़े तारों में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर से उठती ऊंची-ऊंची लपटें व धुएं का घना गुबार दूर से ही नजर आने लगा.
तेज धमाके के बाद भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने से पहले ट्रांसफार्मर से जोरदार आवाज आई. इसके बाद उसमें से चिंगारियां निकलने लगीं और कुछ ही पलों में आग ने आसपास के बिजली तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई.
बिजली आपूर्ति ठप, लोग घरों से निकले बाहर
आग लगने के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गई. स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने एहतियात बरतते हुए अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी बना ली. कई लोग बाल्टी और पानी लेकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते भी नजर आए.
सूचना पर पहुंचा बिजली विभाग, बड़ा हादसा टला
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और अग्निशमन विभाग को अवगत कराया गया. मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मियों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे किसी बड़े हादसे को टाल लिया गया.
स्थानीय लोगों में दहशत, जांच की मांग
घटना के बाद मोहल्ले में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर की नियमित जांच और रखरखाव की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
Also Read: ट्रांसजेंडर डांसर सोनू गोंड मर्डर केस में SIT बनी, गोपालगंज पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
