Sasaram News : नासरीगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सोन वैली इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन स्कूल के संस्थापक सह विकास अधिकारी भारती जीवन बीमा ट्रस्टी सुरेश प्रसाद गुप्ता और डायरेक्टर संगीता गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मंच संचालन शिक्षक रन्तु गुप्ता ने किया.
शिक्षा के साथ संस्कार जरूरी
सुरेश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि शिक्षा और संस्कार एक-दूसरे के पूरक हैं. शिक्षा व्यक्ति को ज्ञान देती है, जबकि संस्कार जीवन जीने की सही दिशा और नैतिक मूल्य सिखाते हैं. दोनों के मेल से व्यक्ति अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनता है.
बच्चों को मोबाइल से दूर रखने की अपील
डायरेक्टर संगीता गुप्ता ने कहा कि संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी है और संस्कार परिवार तथा घर के वातावरण से मिलते हैं. उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं. इसलिए शिक्षकों और अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति संवेदनशील होना चाहिए. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि मोबाइल की लत बच्चों के लिए खतरनाक हो सकती है.
28 प्रस्तुतियों ने मोहा लोगों का मन
कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला से दर्शकों का मन मोह लिया. अतिथियों और मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया. विद्यालय के बच्चों ने कुल 28 तरह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं.
गणेश वंदना से लेकर नाटक तक की प्रस्तुति
कार्यक्रम में गणेश वंदना, सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत, अभिनय गीत, भक्ति गीत, नाटक, झांकी और पिरामिड सहित कई प्रस्तुतियां शामिल रहीं. बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया.
शिक्षक और स्कूल प्रबंधन रहा मौजूद
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रिया रंजन राय, सोन वैली वर्ल्ड स्कूल अमियावर की प्रधानाचार्या पिंकी कुमारी, मैनेजर नीरज कुमार, ट्रांसपोर्ट मैनेजर अनिल दुबे समेत शिक्षक मनोज कुमार, सावित्री, रेनू, चमन, चितरंजन, रोहित, दयानंद, खुशी, जकिया, पंकज, आरती और तमन्ना सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक मौजूद रहे.
