रोहतास (राजपुर) से प्रमोद तिवारी की रिपोर्ट
Sasaram Road Accident : रोहतास जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बालू और मिट्टी लदे दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में एक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग मौके पर जुट गए. घटना राजपुर-नासरीगंज पथ पर बालचंद टोला स्थित महावीर मंदिर के पास की है. मृतक चालक की पहचान नासरीगंज थाना क्षेत्र के पड़ुरी गांव निवासी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह बालू लदा ट्रैक्टर चला रहा था.
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बालू लदा ट्रैक्टर नासरीगंज की ओर से आ रहा था. वहीं मिट्टी लदा दूसरा ट्रैक्टर राजपुर अमाड़ी की तरफ से जा रहा था. दोनों ट्रैक्टर तेज रफ्तार में थे. इसी दौरान बालचंद टोला के पास दोनों आमने-सामने टकरा गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालू लदे ट्रैक्टर का चालक नीचे गिर गया. इसके बाद ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ गया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना बेहद दर्दनाक थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लिया. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई. परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया.
एक चालक फरार, जांच शुरू
थानाध्यक्ष अंशु माला ने बताया कि हादसे के बाद मिट्टी लदे ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है. प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है. फरार चालक की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई पूरी तरह सामने आ सकेगी.
