Sasaram News: रोहतास के सासाराम कारगहर थाना क्षेत्र के लहुआरा गांव में समाजसेवी, शिक्षाविद एवं ‘गुरुजी’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय रामदेव सिंह की 21वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का नेतृत्व चौखंडी पथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक उमेश कुमार सिंह ने किया. इस अवसर पर स्वर्गीय रामदेव सिंह की पवित्र आत्मा की शांति के लिए विधिवत पूजा-अर्चना की गई. साथ ही अखंड हरिकीर्तन, शिव चर्चा और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गुरुजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. श्रद्धालुओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया. पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा तथा लोगों ने गुरुजी के जीवन और योगदान को याद किया.
शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में दिया महत्वपूर्ण योगदान
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय रामदेव सिंह केवल एक शिक्षक ही नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाले प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे. उन्होंने शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और मानवीय मूल्यों के संरक्षण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्य और विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा नई पीढ़ी को उनसे सीख लेने की आवश्यकता है.
बड़ी संख्या में शामिल हुए परिजन और ग्रामीण
पुण्यतिथि कार्यक्रम में परिवार के सदस्य अशोक कुमार सिंह, कमलेश कुमार सिंह, रमेश कुमार सिंह, कमला सिंह, सुनीता सिंह, विजेंती सिंह, अनीता सिंह, सुजाता सिंह, अश्वनी, विकास, विवेक, अभिषेक, रोहित, विशाल, आरती, अर्चना एवं सान्या सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उपस्थित रहे. सभी ने गुरुजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को समाज में जीवित रखने का संकल्प लिया.
गुरुजी की विरासत आज भी प्रेरणादायक
ग्रामीणों ने कहा कि स्वर्गीय रामदेव सिंह का जीवन समाज सेवा, शिक्षा और नैतिक मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण था. उनकी स्मृतियां और उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी लोगों के बीच जीवंत हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे.
Also Read:भोजपुर में दर्दनाक हादसा, सोन नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूबे, एक की तलाश जारी
