रोहतास में बिजली विभाग की लापरवाही उजागर, बांस-बल्लों के सहारे बिजली आपूर्ति, जोखिम में लोगों की जान

Sasaram News: रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड मुख्यालय स्थित गली नंबर तीन में बिजली विभाग की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है. यहां बिजली के तार बांस-बल्लों और मकानों की दीवारों के सहारे गुजर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है.

Sasaram News:(सुजीत कुमार) रोहतास के प्रखंड मुख्यालय स्थित गली नंबर तीन में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है. मोहल्ले के कई परिवार बांस-बल्लों और मकानों की दीवारों के सहारे बिजली के तार ले जाने को मजबूर हैं. इस अस्थायी व्यवस्था के कारण हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले इस गली में बिजली लाइन पोल के माध्यम से व्यवस्थित तरीके से बिछाई गई थी. लेकिन कुछ समय पूर्व एक मकान निर्माण के दौरान संबंधित व्यक्ति ने अपने हिस्से से गुजर रही बिजली लाइन को हटवा दिया। इसके बाद विभाग की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई.

नीचे लटक रहे तार बने खतरे का कारण

विभागीय उदासीनता के कारण उपभोक्ताओं ने अपने स्तर पर बांस और दीवारों का सहारा लेकर बिजली कनेक्शन चालू रखा है. कई स्थानों पर तार काफी नीचे से गुजर रहे हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और अधिक खतरनाक है। जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

कई बार की गई शिकायत, नहीं हुई सुनवाई

गली निवासी रामाशंकर चौकीदार ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार कनीय विद्युत अभियंता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है. इसके बावजूद अब तक न तो बिजली पोल लगाया गया और न ही तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने की कोई पहल की गई है. उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण मोहल्ले के लोग लगातार जोखिम के बीच जीवन यापन करने को विवश हैं.

पहले भी हो चुका है हादसा

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले इसी इलाके में एक युवक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था. उस घटना के बाद लोगों को उम्मीद थी कि विभाग सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाएगा, लेकिन स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है. बरसात और तेज हवा के दौरान खतरा और बढ़ जाता है. कई जगहों पर तार ढीले होकर झूलने लगते हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना और अधिक बढ़ जाती है.

जनसुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही बिजली पोल लगाकर लाइन को व्यवस्थित नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है. मोहल्लेवासियों का कहना है कि यह केवल बिजली व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है. ऐसे में विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी अनहोनी से पहले समस्या का स्थायी समाधान हो सके.

Also Read:रोहतास के चितांव पंचायत को मिली राष्ट्रीय पहचान, मुखिया अंजनी कुमार सिंह को दिल्ली में मिलेगा सम्मान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >