नगर पंचायत चेनारी के मुख्य बाजार की सफाई व्यवस्था की पोल वार्ड नंबर छह से गुजर रहा मुख्य नाला खोल रहा है. नाला कूड़े-कचरे से पूरी तरह पटा पड़ा है. जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा होने के कारण नाले का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है. नतीजतन गंदा पानी नाले से निकलकर सड़क पर फैल रहा है.
मुख्य बाजार में सफाई व्यवस्था पर सवाल
मुख्य बाजार जैसी व्यस्त जगह पर बनी यह स्थिति नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है.
कूड़े से जाम हुआ नाले का बहाव
वार्ड छह से गुजरने वाला मुख्य नाला आसपास के इलाकों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी का महत्वपूर्ण माध्यम है. लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से इसमें प्लास्टिक, कचरा और अन्य गंदगी जमा हो गयी है. कूड़े के कारण नाले का बहाव बाधित हो गया है और पानी सड़कों पर फैलने लगा है.
सड़क पर गंदा पानी, आवागमन मुश्किल
नाले का पानी सड़क पर जमा रहने से राहगीरों को परेशानी हो रही है. दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है.
दुर्गंध और मच्छरों का बढ़ा प्रकोप
नाले में लंबे समय से जमा कचरे और गंदे पानी से आसपास के इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप और बढ़ जाता है. इससे बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है.
सफाई पर लाखों खर्च, फिर नाला क्यों बेहाल
स्थानीय लोगों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर पंचायत में सफाई के नाम पर हर माह लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद मुख्य नाले की यह स्थिति क्यों बनी हुई है. लोगों का आरोप है कि यदि नियमित और प्रभावी तरीके से नाले की सफाई होती तो कूड़े का इतना बड़ा अंबार नहीं लगता.
नगर पंचायत प्रशासन पर उदासीनता का आरोप
लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी नगर पंचायत प्रशासन को कई बार दी गयी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि जब मुख्य बाजार के नाले की ऐसी स्थिति है तो नगर पंचायत के अन्य हिस्सों में सफाई व्यवस्था का क्या हाल होगा.
तत्काल सफाई कराने की मांग
बनौली गांव निवासी रौशतम, मोहम्मद जकी अंसारी, मोहम्मद जमाव जमाल अंसारी, मैनुद्दीन अंसारी एवं अन्य ग्रामीणों और दुकानदारों ने तत्काल नाले से कूड़ा हटाने, सड़क पर जमा गंदे पानी की निकासी कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गंदगी और जलजमाव के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है.
ALSO READ: गया जी: डुमरिया में लगातार बारिश से तीन खपरैल मकान धराशायी, घरेलू सामान और अनाज बर्बाद
