रोहतास में सिंचाई विभाग पर किसानों का फूटा गुस्सा, डैम में पानी होने के बावजूद खेतों तक नहीं पहुंची आपूर्ति

Sasaarm News: दुर्गावती जलाशय में पर्याप्त पानी होने के बावजूद चेनारी प्रखंड की लांजी वितरणी अब तक सूखी पड़ी है. धान की नर्सरी तैयार करने में जुटे किसान सिंचाई के लिए पानी का इंतजार कर रहे हैं. किसानों ने सिंचाई विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द पानी छोड़ने की मांग की है.

Sasaarm News:(संदेश जायसवाल) रोहतास में एक ओर सिंचाई विभाग किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर दुर्गावती जलाशय से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित लांजी वितरणी में अब तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों में भारी नाराजगी है. रोहिणी नक्षत्र के दौरान धान की नर्सरी तैयार करने में जुटे किसान सिंचाई के लिए पानी का इंतजार कर रहे हैं. किसानों का आरोप है कि दुर्गावती डैम में पर्याप्त जल भंडारण होने के बावजूद विभागीय उदासीनता के कारण लांजी वितरणी सूखी पड़ी हुई है। नहर में पानी नहीं आने से धान की नर्सरी तैयार करने और बुआई का कार्य प्रभावित हो रहा है. किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई नहीं होने से फसल उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.

दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर

ग्रामीण रामानुज मिश्रा का कहना है कि हर वर्ष सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन की ओर से सिंचाई सत्र शुरू होने से पहले किसानों को पानी उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि डैम के इतने करीब स्थित क्षेत्र में भी खेतों तक पानी नहीं पहुंचना विभागीय कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। किसान रामजगा पाल और जयगोविंद दुबे ने जिला प्रशासन एवं सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल लांजी वितरणी में पानी छोड़ने की मांग की है. किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे. उनका मानना है कि समय रहते सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो इस वर्ष धान की खेती पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है.

एसी में बैठकर नहीं, खेतों में आकर देखें अधिकारी

लांजी वितरणी क्षेत्र के किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया है. किसानों का कहना है कि अधिकारी कार्यालयों में एसी की ठंडी हवा में बैठकर सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं, जबकि नहरें सूखी पड़ी हैं और किसान पानी के लिए परेशान हैं. ग्रामीणों ने मांग की है कि अधिकारी कार्यालय से निकलकर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करें, ताकि उन्हें किसानों की वास्तविक समस्याओं का पता चल सके. किसानों का कहना है कि दुर्गावती डैम से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित क्षेत्र में भी पानी नहीं पहुंचना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

एक सप्ताह में पानी नहीं आया तो आंदोलन की चेतावनी

चेनारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं कांग्रेस नेता मंगल राम ने कहा कि लांजी वितरणी में पानी नहीं पहुंचना किसानों के साथ अन्याय है. सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण खेती प्रभावित हो रही है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर नहर में पानी नहीं पहुंचा तो किसानों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा तथा जल संसाधन विभाग के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा. वहीं बहुजन समाज पार्टी के नेता सरवर अली खान ने भी सरकार और सिंचाई विभाग पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर पानी नहीं छोड़ा गया तो व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा.

क्या कहता है सिंचाई विभाग?

इस संबंध में सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि दुर्गावती परियोजना से चरणबद्ध तरीके से विभिन्न वितरणियों में पानी छोड़ा जा रहा है. लांजी वितरणी में भी जल्द पानी पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी एवं संचालन संबंधी कारणों से थोड़ी देरी हुई है, जिसे शीघ्र दूर कर लिया जाएगा. विभाग किसानों को सिंचाई के लिए आवश्यक पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

Also Read: आरा में देर रात फायरिंग, बच्चों के विवाद में महिला को मारी गोली; गंभीर रूप से घायल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >