Rohtas News : द्वय प्रांतीय समिति पटना के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर बंदीपुर, रामगढ़ में आयोजित विभागीय प्रश्न मंच, प्रदर्श, मॉडल, प्रयोग एवं पत्रवाचन प्रतियोगिता में स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर के भैया-बहनों ने शानदार प्रदर्शन किया. विद्यालय स्तर पर चयनित होने के बाद छात्रों ने 22 अगस्त को कैमूर के रामगढ़ में आयोजित विभाग स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और विभिन्न स्पर्धाओं में कई पुरस्कार अपने नाम किये.
संस्कृत और संस्कृति ज्ञान में छात्रों ने मारी बाजी
संस्कृत विषय के शिशु वर्ग (चतुर्थ-पंचम) में विद्यालय के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान, जबकि बाल वर्ग (षष्ठ-अष्टम) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वैदिक गणित के बाल वर्ग और किशोर वर्ग ने द्वितीय स्थान हासिल किया. संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच में शिशु वर्ग को प्रथम और किशोर वर्ग को तृतीय स्थान मिला. वहीं अंग्रेजी प्रश्न मंच के किशोर वर्ग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया.
मॉडल और प्रदर्श प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मॉडल प्रदर्शन एवं अन्य स्पर्धाओं का आयोजन किया गया. गणित प्रदर्श में बाल वर्ग और किशोर वर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विज्ञान प्रदर्श में बाल एवं किशोर दोनों वर्गों को तृतीय स्थान मिला. संगणक प्रदर्श में शिशु एवं किशोर वर्ग ने तृतीय स्थान हासिल किया.
कला-संगम में प्रथम, मूर्ति कला में दूसरा स्थान
कथा-कथन प्रतियोगिता में बाल वर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. मूर्ति कला प्रतियोगिता में बाल एवं किशोर वर्ग ने द्वितीय स्थान हासिल किया. विज्ञान पत्रवाचन में किशोर वर्ग को तृतीय स्थान मिला. वहीं कला-संगम प्रतियोगिता में लोक नृत्य आधारित गीत की प्रस्तुति के लिए विद्यालय को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ.
सफल प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को विद्यालय की वंदना सभा में मेडल, शील्ड, कॉपी और कलम देकर विषयाचार्यों ने सम्मानित किया. विद्यालय परिवार ने छात्रों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने रोहतास विभाग में विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है.
प्रांतीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे विजेता
प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहन अब प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे. अंग्रेजी, संस्कृत और संस्कृति ज्ञान विषय के प्रतिभागी सरस्वती विद्या मंदिर, औरंगाबाद में, जबकि विज्ञान, संगणक और गणित के छात्र सरस्वती विद्या मंदिर, राजगीर में आयोजित प्रांतीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे.
'आपका परिश्रम ही सोना बनकर मेडल में उतरा'
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में मिले मॉडल और शील्ड सोने की तरह चमक रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह वास्तविक सोना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत और परिश्रम ही सोना बनकर इन मेडल और शील्ड में अवतरित हुआ है. उन्होंने छात्रों को आगे भी इसी लगन और मेहनत के साथ प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.
