Rohtas News : आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नोखा प्रखंड की चंकी और कड़वा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. दोनों पंचायतों में आयोजित शिविर का उद्घाटन उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद, प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली एवं संबंधित पंचायतों के मुखिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और आवश्यक कार्यों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की जांच कर उनका तत्काल निष्पादन कराया. शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली.
चंकी में 25 और कड़वा में 25 आवेदन, सभी का ऑन द स्पॉट निष्पादन
प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने बताया कि चंकी पंचायत में कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि कड़वा पंचायत में भी 25 ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिया. इस तरह दोनों पंचायतों में कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए. जांच-पड़ताल के बाद सभी 50 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया.
अधिकारियों ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध और सरल तरीके से समाधान करना है. साथ ही सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना भी प्रशासन की प्राथमिकता है.
ग्रामीणों ने शिविर की पहल को बताया उपयोगी
शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की. लोगों का कहना था कि एक ही जगह पर अधिकारियों की मौजूदगी से समस्याओं का समाधान आसानी से हो गया. इससे समय और संसाधन दोनों की बचत हुई.
मौके पर प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह हथिनी पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह, उत्तरी बरांव के मुखिया प्रतिनिधि बबलू कुमार गुप्ता, सिसिरिता पंचायत के मुखिया चितरंजन तिवारी, कुरी पंचायत के मुखिया दीनानाथ राय, चंकी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रूपेश कुमार, कदवा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि पप्पू कुमार, कदवा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि राकेश कुमार सहित प्रखंड के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.
