Yogiya Murder Case : रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के योगिया गांव में मजदूर चंदेश्वर चौधरी की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित अजीत तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया है. इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने की है. पुलिस पूरे घटनाक्रम, हत्या के कारण, शराब बरामदगी, आगजनी और फायरिंग सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
बुलाकर मारपीट करने और गोली चलने का आरोप
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब छह बजे मजदूर चंदेश्वर चौधरी अपने परिचित केदार चौधरी के साथ अजीत तिवारी के बुलावे पर उनके दलान पहुंचे थे. केदार चौधरी ने ग्रामीणों और पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि जैसे ही दोनों परिसर के अंदर पहुंचे, अजीत तिवारी ने चंदेश्वर चौधरी का हाथ पकड़कर मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान वह जान बचाकर बाहर भाग निकले. भागते समय उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी. उन्होंने तत्काल गांव वालों को घटना की सूचना दी. आरोप है कि इसके बाद अजीत तिवारी घायल चंदेश्वर चौधरी को अपनी टाटा सफारी में बैठाकर वहां से फरार हो गए.
आगजनी के बाद दलान से शराब मिलने की चर्चा
घटना के बाद पूरे इलाके में हिंसा, आगजनी और भारी पुलिस कार्रवाई का दौर जारी रहा. पुलिस ने घटनास्थल स्थित आरोपित अजीत तिवारी के दलान की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में विदेशी शराब की खाली बोतलें तथा कुछ सील पैक महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की हैं. हालांकि पुलिस ने इस बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार बरामद सामग्री को जब्त कर जांच की जा रही है. घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, दलान और गाड़ियों में लगाई आग
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने आरोपित के दलान और परिसर में जमकर तोड़फोड़ की. आरोप है कि मोबाइल टावर के लिए रखे डीजल का इस्तेमाल कर दलान में आग लगा दी गई तथा परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया. हालात इतने बिगड़ गए कि स्थिति पर नियंत्रण पाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
रोहतास के योगिया हत्याकांड के बाद दलान से विदेशी शराब मिलने की चर्चा, आरोपी गाजीपुर से गिरफ्तार
फायरिंग और अन्य पहलुओं की भी हो रही जांच
ग्रामीणों का कहना है कि घटना से एक रात पहले मंगलवार की रात आरोपित के घर पर देर रात तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था और कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी थी. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि बुधवार सुबह आरोपित ने अपने पालतू कुत्ते को भी गोली मार दी, जिससे उसके पैर में चोट लगी. पुलिस ने घायल कुत्ते का उपचार कराया है.
पुलिस सभी तथ्यों की कर रही जांच
स्थानीय सूत्रों के अनुसार करीब 55 वर्षीय अजीत तिवारी के दो पुत्र हैं. एक पुत्र बाहर रहकर पढ़ाई करता है, जबकि दूसरा गांव में रहकर खेती-बाड़ी देखता है. ग्रामीणों का दावा है कि आरोपित के पास करीब 100 बीघा कृषि भूमि है. हालांकि उनके निजी जीवन और अन्य आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है.
