Rohtas Road Accident : रोहतास के नोखा थाना क्षेत्र के आरा–सासाराम मुख्य पथ पर पेनार और तराढ़ गांव के बीच बुधवार देर रात बस और ऑटो की आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार लोग घायल हो गए. हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो के परखचे उड़ गए और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया. ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चालक को बाहर निकाला गया. दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया है.
Rohtas News: टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो सासाराम के कादिरगंज से भलनी भवानी होते हुए हरिवंशपुर लौट रहा था. इसी दौरान पेनार और तराढ़ गांव के बीच बिक्रमगंज से सासाराम की ओर जा रही बस से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
Sasaram News : एक ही परिवार के तीन लोग घायल
हादसे में नटवार थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर गांव निवासी गोसन नारायण बिन उर्फ वंश नारायण, उनके पुत्र उमा शंकर बिन, राजमुनी देवी तथा ऑटो चालक राजकुमार शाह घायल हो गए. इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं.
ग्रामीणों ने बचाई चालक की जान
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
दो गंभीर, सासाराम रेफर
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह और एसआई विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नोखा पहुंचाया गया, जहां डॉ. मनोहर कुमार ने प्राथमिक उपचार किया. दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Also Read : आद्रा नक्षत्र में भी नहीं हुआ बारिश, बक्सर के किसान परेशान, धान की रोपनी पर मंडराया संकट
