रोहतास में लोगों को मंगलवार से मिलेगी बिजली की आंख-मिचौली से निजात, नया ट्रांसफॉर्मर लगाने का काम अंतिम चरण में

Rohtas News: रोहतास के शिवसागर प्रखंड के उपभोक्ताओं को जल्द ही बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलने वाली है. शिवसागर पावर सब स्टेशन में 10 MVA के नए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना का काम आखिरी दौर में है, जिसके बाद मंगलवार से निर्बाध बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी.

Rohtas News (सुजीत कुमार): रोहतास जिलांतर्गत शिवसागर प्रखंड के हजारों बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आ रही है. पिछले दो दिनों से रोटेशन व्यवस्था के तहत की जा रही बिजली आपूर्ति के बीच विद्युत विभाग ने बड़ा दावा किया है. विभाग के अनुसार, मंगलवार से पूरे क्षेत्र में नियमित और निर्बाध (बिना रुके) बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी. इसके लिए शिवसागर पावर सब स्टेशन में 10 MVA क्षमता के नए पावर ट्रांसफॉर्मर की स्थापना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है.

हालांकि, ट्रांसफॉर्मर बदलने के इस जरूरी तकनीकी कार्य के कारण पिछले दो दिनों से 11 केवी शिवसागर और 11 केवी चमराहा फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली की आंख-मिचौली जारी है. बार-बार लग रहे बिजली कट की वजह से स्थानीय लोगों को इस भीषण गर्मी और उमस में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली संकट के चलते क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है, क्योंकि अधिकांश घरों में पानी की व्यवस्था मोटर और सबमर्सिबल पंप के जरिए होती है.

लो-वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या से मिलेगा छुटकारा

इस पूरे मामले के संबंध में कनीय विद्युत अभियंता (JE) विजय शंकर सिंह ने बताया कि शिवसागर पावर सब स्टेशन में नए 10 MVA पावर ट्रांसफॉर्मर की स्थापना का काम लगभग पूरा होने वाला है. उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि लोगों को हो रही यह असुविधा महज अस्थायी है.

ट्रांसफॉर्मर स्थापना का काम पूरा होते ही मंगलवार से क्षेत्र में लगातार और सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी. इससे न सिर्फ बिजली कटने की समस्या दूर होगी, बल्कि ओवरलोड, लो वोल्टेज और बार-बार होने वाले ट्रिपिंग की दिक्कतों से भी हमेशा के लिए राहत मिल जाएगी.

विभाग ने उपभोक्ताओं से मांगा सहयोग

विद्युत विभाग ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जब तक तकनीकी काम पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक रोटेशन व्यवस्था के अनुसार ही बिजली की सप्लाई की जाएगी. नया ट्रांसफॉर्मर चालू हो जाने के बाद शिवसागर समेत इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर, तेज और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का सीधा लाभ मिलने लगेगा.

Also Read: नालंदा में कानूनी अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक, घरेलू हिंसा और बाल विवाह पर हुई चर्चा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >