Rohtas News : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर संझौली प्रखंड के कैथी गांव स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का मैदान शनिवार को बेटियों के खेल कौशल और जज्बे का गवाह बना. यहां आयोजित अंतरजिला रोहतास कप गर्ल्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट में रोहतास, भोजपुर और कैमूर जिले की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. रोमांचक मुकाबलों के बीच कैमूर की साहूका टीम ने फाइनल में मेजबान कैथी को लगातार दो सेटों में हराकर रोहतास कप अपने नाम कर लिया. कैथी की टीम उपविजेता रही.
फाइनल में साहूका ने कैथी को 2-0 से हराया
फाइनल मुकाबले में कैमूर की साहूका टीम की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. दोनों सेटों में साहूका की टीम ने शानदार तालमेल और रणनीति के दम पर कैथी को पीछे छोड़ दिया. लगातार दो सेट जीतकर साहूका ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम किया और रोहतास कप पर कब्जा जमाया.
ग्रामीण बेटियों ने रूढ़िवादी सोच को पीछे छोड़ा : एसडीएम
प्रतियोगिता का उद्घाटन बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार और मुखिया जितेंद्र सिंह उर्फ भोला सिंह ने फीता काटकर किया. एसडीएम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों की बेटियां रूढ़िवादी सोच को पीछे छोड़कर खेल के मैदान में अपनी अलग पहचान बना रही हैं. वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में बेटियों का प्रदर्शन गांव, जिले और राज्य का नाम रोशन कर रहा है.
अवसर और संसाधन मिलने पर निखरेंगी ग्रामीण प्रतिभाएं
एसडीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत उन्हें बेहतर अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है. अंतरजिला स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराती हैं.
सीओ किशोर ने महिला खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को ग्रामीण प्रतिभाओं को सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. मुखिया जितेंद्र सिंह ने कहा कि कैथी की पहचान खेल के क्षेत्र में भी है. यहां लगभग हर घर की बेटियां वॉलीबॉल से जुड़ी हैं और कई खिलाड़ियों ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है.
भोजपुर और कैमूर के साथ रोहतास की टीमों ने लिया हिस्सा
कोच अंकित कुमार के नेतृत्व में आयोजित टूर्नामेंट में भोजपुर, कैमूर की साहूका तथा रोहतास की सासाराम, संझौली, कैथी और दिनारा की टीमों ने भाग लिया. शुरुआती मुकाबले में संझौली ने भोजपुर और सासाराम ने दिनारा को 2-0 से हराया. इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया और फाइनल के लिए साहूका तथा कैथी की टीमों ने जगह बनाई.
प्रियांशी बनीं मैन ऑफ द मैच, प्रीति को मिला विशेष सम्मान
फाइनल के बाद विजेता साहूका और उपविजेता कैथी टीम को मुखिया जितेंद्र सिंह, प्राचार्य विद्यासागर, ट्रेनर अंकित कुमार तथा खेल शिक्षकों सत्येंद्र सिंह और सुरिंदर कुमार ने ट्रॉफी प्रदान की. बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रियांशी कुमारी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. वहीं कम उम्र में शानदार खेल दिखाने के लिए प्रीति को सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में प्राचार्य विद्यासागर, खेल शिक्षक सुरिंदर कुमार, सत्येंद्र सिंह, विवेक सिंह, पप्पू सिंह, कामख्या सिंह, राधारमण सिंह, धनधन सिंह और पतलू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे.
