रोहतास के चेनारी में गरजा सरकारी बुलडोजर, अवैध कब्जों को किया ध्वस्त; भारी पुलिस बल के साथ सामान जब्त

Rohtas Bulldozer Action: बिहार के रोहतास में नगर पंचायत चेनारी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया है. मजिस्ट्रेट पूजा शर्मा की मौजूदगी में भारी मात्रा में सामान जब्त किया गया. पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें.

Rohtas Bulldozer Action (संदेश जायसवाल): बिहार के रोहतास जिले के नगर पंचायत चेनारी में गुरुवार की शाम ठीक 3:50 बजे से प्रशासन का बड़ा डंडा चला है. ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’ के तहत प्रशासन ने एक बड़ी और कड़ाई से कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों पर पीला पंजा (बुलडोजर) चला दिया. मजिस्ट्रेट पूजा शर्मा, राजस्व पदाधिकारी सौरभ कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती और थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार की संयुक्त मौजूदगी में चले इस अभियान के दौरान सड़क, नाली और बहुमूल्य सरकारी भूमि को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया गया. कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल देखा गया.

नोटिस की समय सीमा खत्म होते ही पहुंचा बुलडोजर, सामान हटाने की मची लूट

स्थानीय इनपुट के अनुसार, नगर पंचायत प्रशासन द्वारा पूर्व में ही सभी अतिक्रमणकारियों को कानूनी नोटिस जारी कर स्वयं से अवैध कब्जा हटाने का सख्त निर्देश दिया गया था. जैसे ही निर्धारित समय सीमा समाप्त हुई, गुरुवार को बुलडोजर और ट्रैक्टरों के साथ प्रशासनिक टीम सीधे मौके पर धमक गई. कार्रवाई की भनक लगते ही दुकानदारों और कब्जेधारियों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ जागरूक लोगों ने टीम के पहुंचने से पहले ही अपने अस्थायी ढांचे और कीमती सामान समेट लिए, जबकि हठधर्मिता दिखा रहे कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को मलबे में तब्दील कर दिया गया.

गुमटियां और टीन शेड उखाड़े, प्रशासन ने जब्त किया भारी मात्रा में सामान

इस सघन अभियान के दौरान सड़क के दोनों किनारे अवैध रूप से रखी गई दर्जनों गुमटियां, टीन शेड, फुटपाथ पर पसरी दुकानें, सड़क जाम कर रखी गई निर्माण सामग्री (बालू-गिट्टी) और अन्य व्यावसायिक सामानों को हटा दिया गया. प्रशासन ने कई जगहों से भारी मात्रा में सामान को जब्त कर ट्रैक्टरों पर लाद दिया. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा.

सड़कें होंगी चौड़ी, जाम की समस्या से मिलेगी परमानेंट राहत: कार्यपालक पदाधिकारी

इस बड़ी कार्रवाई को लेकर चेनारी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने बताया कि इस अभियान के बाद मुख्य सड़कें काफी चौड़ी हो जाएंगी, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और आम जनता को प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या से हमेशा के लिए राहत मिल जाएगी.

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विरोध प्रदर्शन न हो, इसके लिए पुलिस बल पल-पल मुस्तैद रहा. प्रशासन ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि भविष्य में किसी ने भी इन जगहों पर दोबारा अतिक्रमण करने का दुस्साहस किया, तो उनके खिलाफ सीधे प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जेल भेजने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मजिस्ट्रेट की कड़ी निगरानी में चला यह बुलडोजर एक्शन पूरे दिन सासाराम और चेनारी इलाके में चर्चा का विषय बना रहा.

Also Read: रोहतास में 142 फर्जी शिक्षकों की सेवा समाप्त, दिल्ली-ग्वालियर की अमान्य डिग्रियों पर कर रहे थे नौकरी, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >