शिवसागर में चाकूबाजी में एक युवक की मौत, एक गंभीर

दो आरोपी हिरासत में, शिवसागर थाना क्षेत्र के गिरधरिया में पूर्व से चल रहे आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच रविवार की देर शाम हिंसक झड़प हो गयी

रोहतास से सुजीत कुमार की रिपोर्ट.

शिवसागर

थाना क्षेत्र के गिरधरिया में पूर्व से चल रहे आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच रविवार की देर शाम हिंसक झड़प हो गयी. इस दौरान चाकूबाजी में पप्पू सिंह की मौत हो गयी, जबकि वकील सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. मृतक पप्पू सिंह व घायल वकील सिंह, दोनों भुनेश्वर सिंह के पुत्र हैं और मूल रूप से मड़कन गांव के निवासी बताये जाते हैं. वहीं, दूसरे पक्ष के नीतीश तिवारी (पिता नागेंद्र तिवारी) व रंजु देवी (पति नितेश तिवारी), निवासी नौडीहा, वर्तमान में गिरधरिया में मकान बनाकर रह रहे हैं. आरोप है कि दोनों ने मिलकर चाकू से हमला किया, जिससे यह घटना हुई. बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. वर्ष 2024 में भी रंजु देवी पर भुनेश्वर सिंह पर छत से ईंट फेंककर हमला करने का आरोप लगा था, जिसमें वे घायल हो गये थे. इस मामले में शिवसागर थाना में कांड संख्या 285/24 दर्ज है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए नीतीश तिवारी व रंजु देवी को हिरासत में ले लिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANCHDEV KUMAR

PANCHDEV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >