Rohtas news : सासाराम के छात्रों ने NEET-2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है. पूर्व छात्र आयुष कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2000 और पूर्व छात्रा सावर्णी कुमारी ने AIR 8141 हासिल की है. इस उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर दोनों छात्रों को सम्मानित किया गया.
आयुष और सावर्णी को मिला सम्मान
विद्यालय में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान स्कूल प्रबंधन ने दोनों सफल छात्रों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक ने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया.
'मेहनत और अनुशासन से मिलती है सफलता
शिक्षकों ने कहा कि आयुष कुमार और सावर्णी कुमारी की उपलब्धि वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, समय का सही प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है.
सफल छात्रों ने साझा किए सफलता के मंत्र
सम्मान समारोह के दौरान आयुष कुमार और सावर्णी कुमारी ने अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने छात्रों को विद्यालय स्तर से ही बुनियादी पुस्तकों पर मजबूत पकड़ बनाने और नियमित अध्ययन करने की सलाह दी. दोनों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और मजबूत शैक्षणिक आधार को दिया.
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
विद्यालय परिवार ने दोनों सफल छात्रों को बधाई देते हुए चिकित्सा क्षेत्र में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. साथ ही उम्मीद जताई कि उनकी सफलता से अन्य छात्र भी प्रेरित होकर अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करेंगे.
