Rohtas News : नासरीगंज प्रखंड की सभी 12 ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर ग्राम सभा का आयोजन किया गया. ग्राम सभाओं में पंचायत के विकास, आगामी योजनाओं और ग्रामीणों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. ग्रामीणों से सुझाव लेकर विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की गयी.
ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों पर हुई चर्चा
इटिमहा पंचायत में मुखिया शशि कुमार, पोखराहा में मुखिया टिंकू सिंह, अतिमि में मुखिया निशु देवी, मंगराव में मुखिया वकील यादव, खिरीआंव में मुखिया मंजू देवी, कैथी में मुखिया सावित्री देवी, धनाव में मुखिया अफसाना खातून, परसिया में मुखिया अनिता देवी, अमियावर में मुखिया रामदुलारी देवी, पडुरी में मुखिया रीता देवी और डिहरी पंचायत में मुखिया कृष्णा कुमार की अध्यक्षता में ग्राम सभा आयोजित हुई.
महिला सशक्तीकरण और जमीनी लोकतंत्र पर जोर
ग्राम सभा में पंचायत स्तर पर जन-जागरूकता बढ़ाने, महिला सशक्तीकरण और जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया. मुखियाओं ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्वशासन और लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को बढ़ावा देना है. इससे ग्रामीण अपने क्षेत्र की विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं.
सड़क, पानी और शिक्षा जैसी योजनाओं में भागीदारी
सभा में पंचायती राज व्यवस्था के प्रमुख उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया. शासन की शक्तियों को केंद्र और राज्य स्तर से स्थानीय स्तर तक पहुंचाने, ग्रामीणों को अपने विकास से जुड़े फैसलों में शामिल करने तथा सड़क, पानी, शिक्षा समेत अन्य योजनाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई. कमजोर और वंचित वर्गों के साथ महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में शामिल कर पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की बात कही गयी.
पंचायतों के सशक्तीकरण से विकास को मिलेगी गति
ग्राम सभा के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पंचायतों के सशक्त होने से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी. इस दौरान नये विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की गयी और प्राथमिकता वाले कार्यों पर चर्चा हुई. कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया.
कई जनप्रतिनिधि और कर्मी रहे मौजूद
मौके पर पूर्व बीडीसी राजकुमार, मुखिया प्रतिनिधि कौशल कुमार, शाहिद हुसैन, अजय कुमार, वीरेंद्र चौधरी, निरंतर राम, वार्ड सदस्य केबी सिंह, सिंहासन ठाकुर, ग्रामीण टूटू सिंह, विकास सिंह, सोनू सिंह समेत सभी विकास मित्र, कार्यपालक सहायक, किसान सलाहकार, पीआरएस, एएनएम, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
