Rohtas News : पैक्स सदस्यों के व्यक्तिगत एवं आर्थिक विवरण तथा नामिनी से संबंधित जानकारी के कंप्यूटरीकरण को लेकर रविवार को व्यापार मंडल, बिक्रमगंज कार्यालय में प्रखंड के पैक्स अध्यक्षों और प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, बिक्रमगंज ने की. इसमें कोऑपरेटिव बैंक, बिक्रमगंज के शाखा प्रबंधक समेत विभिन्न पैक्सों के अध्यक्ष और प्रबंधक शामिल हुए.
डिजिटल रिकॉर्ड से बढ़ेगी सहकारी व्यवस्था में पारदर्शिता
बैठक में पैक्स सदस्यों के व्यक्तिगत विवरण, आर्थिक एवं वित्तीय स्थिति तथा नामिनी से संबंधित अभिलेखों को डिजिटल रूप से दर्ज करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. अधिकारियों ने बताया कि डाटा कंप्यूटरीकरण से सदस्यों से जुड़े अभिलेख अद्यतन और व्यवस्थित रहेंगे. इससे सहकारी व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और आवश्यकता पड़ने पर सदस्यों की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी.
निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना होगा काम
अधिकारियों ने सभी पैक्स अध्यक्षों और प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पैक्स के सदस्यों से आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी प्राप्त कर निर्धारित समय-सीमा में कंप्यूटरीकरण का कार्य पूरा कराएं. डाटा दर्ज करते समय जानकारी की शुद्धता और अभिलेखों की पूर्णता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया.
पैक्स सदस्यों से सहयोग की अपील
विभाग की ओर से पैक्स सदस्यों से अपील की गयी कि वे व्यक्तिगत, आर्थिक एवं नामिनी से संबंधित आवश्यक जानकारी और अभिलेख समय पर अपने पैक्स अध्यक्ष अथवा प्रबंधक को उपलब्ध कराएं. अधिकारियों ने कहा कि सदस्यों के सहयोग से कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी की जा सकेगी.
ये पैक्स प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में घुसियां खुर्द पैक्स अध्यक्ष उज्ज्वल कुमार, घुसियां कला पैक्स अध्यक्ष मदन लाल यादव, जोन्ही पैक्स अध्यक्ष अरुण दुबे, खैरा भूधर पैक्स अध्यक्ष सुनील सिंह, नोनहर पैक्स अध्यक्ष अमन कुमार, कुसुम्हारा पैक्स अध्यक्ष मृत्युंजय पांडेय, मानपुर पैक्स प्रबंधक पुष्पराज पांडेय, मोहनी पैक्स अध्यक्ष राधेश्याम सिंह, मरौना पैक्स के इंद्रदेव सिंह एवं शिवपुर पैक्स प्रबंधक रमेश सिंह सहित अन्य पैक्स प्रतिनिधि मौजूद रहे.
