पहले दिन लेटलतीफी से छूटी 50 से ज्यादा छात्रों की परीक्षा

SASARAM NEWS.बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्वावधान में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 सोमवार से शुरू हो गयी, जो 13 फरवरी तक चलेगी. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक हुई.

इंटर परीक्षा. दो पालियों में साइंस, आर्ट्स व कॉमर्स विषयों की हुई परीक्षा

सासाराम ऑफिस.

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्वावधान में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 सोमवार से शुरू हो गयी, जो 13 फरवरी तक चलेगी. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक हुई. प्रथम पाली में परीक्षार्थियों को सुबह 8.30 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया और ठीक 9.00 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया गया. वहीं दूसरी पाली में दोपहर 1.00 बजे से प्रवेश शुरू हुआ और 1.30 बजे गेट बंद कर दिया गया. इंटर परीक्षा के पहले दिन लेटलतीफी के कारण करीब 50 से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित रह गये. डेहरी स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र रमा रानी जैन बालिका उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय में करीब 10 परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं मिल सका. जिससे वो परेशान दिखे.

किसी को एक, तो किसी को पांच मिनट देर से पहुंचना पर भारी

गर्भवती परीक्षार्थी सोनम ने बताया कि गर्भावस्था के अंतिम समय के कारण परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में थोड़ी देरी हो गयी. सुबह 9.05 बजे पहुंचने पर उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया. वहीं अवधूत भगवान राम कॉलेज, सासाराम परीक्षा केंद्र पर भी प्रवेश को लेकर काफी शोर-शराबा हुआ, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के कारण करीब छह से अधिक परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गयी. उधर, संझौली प्रखंड के कुर्मी क्षत्रिय उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र में डेहरी से परीक्षा देने आए परीक्षार्थी अंकित कुमार को लघुशंका करना महंगा पड़ गया. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के निर्धारित समय से एक मिनट देर से पहुंचने के कारण वह परीक्षा से वंचित हो गया. परीक्षा से वंचित होते देख अंकित गेट पर तैनात अधिकारियों से आरजू-विनती करता रहा, लेकिन अधिकारियों ने एक मिनट की देरी का हवाला देते हुए प्रवेश से इनकार कर दिया. अंकित ने निराशा भरे स्वर में बताया कि स्कूल से कुछ दूरी पर लघुशंका के लिए यह सोचकर चला गया था कि अंदर शौचालय का पता नहीं है. लौटने पर गेट पर एक मिनट की देरी होने के कारण परीक्षा से वंचित कर दिया गया.

सघन तलाशी के बाद मिला प्रवेश

परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में विज्ञान संकाय के लिए जीव विज्ञान और कला संकाय के लिए दर्शनशास्त्र की परीक्षा ली गयी. दूसरी पाली में वाणिज्य संकाय के लिए अर्थशास्त्र की परीक्षा आयोजित हुई. परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी गयी.

पेपर देकर लौटे छात्रों के चेहरे पर दिखी खुशी

विभिन्न परीक्षा केंद्रों से परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों के चेहरे पर खुशी नजर आयी. अंचल कुमारी, मधु कुमारी, सोनम, अंशु, अंजलि कुमारी, रमेश, मो. हाशिम, रेजा अंसारी, सुमित, नाजिया, रौनक, हरप्रीत, मेघना, रवि, रोशन, अंकुर, विजय, लखी समेत अन्य छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र आसान था और पढ़ाई के अनुसार ही सवाल पूछे गये थे. जीव विज्ञान के छात्रों ने बताया कि जीवाश्म किस प्रकार की चट्टान में पाये जाते हैं, प्रकाश संश्लेषणात्मक सक्रिय विकिरण का कितना प्रतिशत पादप ग्रहण करता है, जैसे वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गये. प्रश्नपत्र दो खंडों में था. खंड ‘अ’ में 70 में से 35 वस्तुनिष्ठ प्रश्न थे, जबकि खंड ‘ब’ में 20 लघु में से 10 और छह दीर्घ प्रश्नों में से तीन के उत्तर देने थे. प्रायोगिक विषयों का प्रश्नपत्र 70 अंकों का था, जबकि अन्य विषयों का 100 अंकों का.

आज इन विषयों की होगी परीक्षा

मंगलवार, 3 फरवरी को प्रथम पाली में विज्ञान और कला संकाय के लिए गणित और दूसरी पाली में कला संकाय के लिए राजनीति शास्त्र और वोकेशनल के लिए फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा ली जायेगी.

समय का रखें विशेष ध्यान

परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गयी है. प्रथम पाली में सुबह 8.30 बजे से 9.00 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 1.00 बजे से 1.30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा. इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षार्थी अपने साथ एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और केवल नीला या काला बॉल प्वाइंट पेन ही लाएं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >