Rohtas News : काराकाट थाना क्षेत्र के अमरथा बाल पर बाइक की चपेट में आने से 60 वर्षीय सेंट्रिंग मिस्त्री की मौत हो गयी. मृतक की पहचान अमरथा गांव निवासी स्व. सीताराम सिंह के 60 वर्षीय पुत्र चन्द्रमा सिंह के रूप में हुई है. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया.
ट्रैक्टर पर सामान लोड करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चन्द्रमा सिंह अमरथा बाल पर सेंट्रिंग का सामान ट्रैक्टर पर लोड कर रहे थे. इसी दौरान कथित तौर पर एक नाबालिग बाइक सवार ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया. बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले चली गयी जान
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल चन्द्रमा सिंह को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने बाइक जब्त कर शुरू की जांच
पुलिस ने घटनास्थल से बाइक को जब्त कर लिया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया. पुलिस हादसे के कारणों और बाइक सवार की उम्र समेत पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा है.
