Sugar Prices: चेनारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं कांग्रेस नेता मंगल राम ने चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की पेट्रोलियम एवं इथेनॉल नीति पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि वह शुरू से ही कहते आ रहे हैं कि सरकार की पेट्रोलियम और इथेनॉल नीति आम जनता के मुंह से रोटी और गुड़ दोनों छीन लेगी. चीनी की बढ़ती कीमतों के रूप में अब इसका असर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है.
कांग्रेस नेता मंगल राम ने शनिवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मल्हीपुर गांव के समीप प्रभात खबर प्रतिनिधि से बातचीत में कहा कि खाद्य पदार्थों का उपयोग लोगों की भूख मिटाने के लिए होना चाहिए, लेकिन कृषि उत्पादों का बड़े पैमाने पर इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे खाद्य पदार्थों की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ सकता है.
इथेनॉल उत्पादन की ओर कृषि उपज के डायवर्सन पर जताई चिंता
मंगल राम ने कहा कि खाद्य पदार्थों को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने से कृषि उपज का डायवर्सन हो रहा है. इससे खेती के लिए उपलब्ध संसाधनों और खाद्यान्न उत्पादन पर प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि लंबे समय में इसका असर देश की खाद्य सुरक्षा पर भी पड़ने की आशंका है.
उन्होंने कहा कि यदि गन्ने के उत्पादन का बड़ा हिस्सा इथेनॉल बनाने में इस्तेमाल होगा, तो चीनी उत्पादन के लिए गन्ने की उपलब्धता कम हो सकती है. इसका असर चीनी के उत्पादन और बाजार कीमत पर पड़ने की संभावना है.
महंगी चीनी का बोझ आम उपभोक्ताओं पर
कांग्रेस नेता ने कहा कि चीनी की कीमत बढ़ने का सबसे अधिक असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है. पहले से महंगाई की मार झेल रहे परिवारों को आवश्यक खाद्य वस्तुओं के लिए अधिक राशि खर्च करनी पड़ती है. उन्होंने केंद्र सरकार की मौजूदा नीति को जनहित के अनुरूप नहीं बताते हुए इसमें बदलाव की आवश्यकता जतायी.
मंगल राम ने कहा कि सरकार को ऐसी नीतियां बनानी चाहिए, जिसमें किसानों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं के हितों को भी प्राथमिकता मिले. आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित रखना सरकार की जिम्मेदारी है.
निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने का लगाया आरोप
मंगल राम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां आम जनता और किसानों के हितों के बजाय निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली हैं. उन्होंने कहा कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से आम लोगों की परेशानी बढ़ रही है. सरकार को इस दिशा में गंभीरता से विचार करते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए.
इथेनॉल नीति की समीक्षा की मांग
कांग्रेस नेता मंगल राम ने केंद्र सरकार से चीनी की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने और आम जनता को राहत देने की मांग की. उन्होंने इथेनॉल नीति की समीक्षा करने की भी मांग की, ताकि खाद्य सुरक्षा, किसानों के हित और उपभोक्ताओं की जरूरतों के बीच संतुलन कायम रखा जा सके.
उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी नीतियों में आवश्यक सुधार करते हुए आम लोगों को महंगाई से राहत देने की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
