रोहतास: जमीन विवाद में बवाल, गोलीबारी के बीच खेत में काम कर रही युवती घायल

रोहतास जिले के करगहर में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे गोलीबारी हुई. इस घटना में खेत में रोपनी कर रही एक युवती छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

Sasaram News: रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत समरडिहा व पिपरा गांव के बधार में रविवार की सुबह लगभग नौ बजे जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और भीषण गोलीबारी हो गई. इस गोलीबारी की घटना के दौरान खेत के बधार में धान की रोपनी का कार्य कर रही एक युवती बंदूक की गोली यानी छर्रा लगने से गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना के बाद बधार में पूरी तरह अफरा-तफरी मच गई.

युवती के सिर में लगा छर्रा

रोहतास के इस हादसे में घायल युवती की पहचान समरडिहा गांव निवासी जय मंगल पासवान की 18 वर्षीय बेटी शोभा कुमारी के रूप में की गई है. प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार के अनुसार, पिपरा गांव निवासी धनु राय व अजित कुमार और समरडिहा गांव निवासी मनोज कुमार के बीच पुराना जमीन विवाद चल रहा है. इसी विवाद में रविवार को हुई गोलीबारी के दौरान खेत में काम कर रही शोभा के सर में बंदूक का छर्रा लग गया.

सासाराम सदर अस्पताल रेफर

रोहतास के बधार में मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने, जो खेत में रोपनी का कार्य कर रहे थे, आनन-फानन में घायल युवती को इलाज के लिए करगहर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. वहां तैनात चिकित्सकों ने युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल घायल युवती खतरे से बाहर बतायी जाती है.

लाइसेंसी राइफल और खोखे बरामद

रोहतास की करगहर थाना पुलिस ने घटना की सूचना पाकर तुरंत दलबल के साथ बधार में पहुंचकर स्थिति को संभाला. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से एक लाइसेंसी राइफल और कारतूस के दर्जनों खोखे बरामद किए हैं. एहतियात के तौर पर तनाव को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल की भारी तैनाती कर दी गयी है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

Also Read: रोहतास: करगहर लूटकांड का खुलासा, एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और बाइक बरामद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vikash Jha

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >