‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की तस्वीर बनीं कस्तूरबा की बेटियां, DM-SP ने पूछा लक्ष्य तो बोलीं- कोई अफसर बनेगी, कोई इंजीनियर

रोहतास में डीएम और एसपी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। छात्राओं ने अफसर और इंजीनियर बनने की इच्छा जताई, अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह।

Rohtas News : जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और एसपी रोशन कुमार ने मंगलवार को नोखा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं सर्वोदय उच्च विद्यालय का संयुक्त निरीक्षण किया. विद्यालय पहुंचने पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने डीएम और एसपी का तिलक लगाकर एवं फूलों की वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया. अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, साफ-सफाई और छात्र-छात्राओं को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया.

छात्राओं से पूछा- क्या है आपका लक्ष्य?

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा. छात्राओं ने बिहार पुलिस, आइटी, इंजीनियरिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा जतायी. कुछ छात्राओं ने अधिकारी बनने का सपना बताया तो कुछ ने इंजीनियर बनने की बात कही. छात्राओं के आत्मविश्वास भरे जवाब सुनकर अधिकारियों ने उनका उत्साह बढ़ाया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.

डीएम ने परखी नाश्ते की गुणवत्ता

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में डीएम ने छात्राओं से पढ़ाई, भोजन और दैनिक सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने नाश्ते की गुणवत्ता के बारे में भी छात्राओं से पूछा और यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है. छात्राओं ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को रखा. डीएम ने विद्यालय की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन से आवश्यक जानकारी ली.

एसपी ने कहा- लक्ष्य तय कर मेहनत करें बेटियां

एसपी रोशन कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर नियमित पढ़ाई, कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने से सफलता हासिल की जा सकती है. उन्होंने बिहार पुलिस में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का उदाहरण देते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ वे अपने लक्ष्य को हासिल कर सकती हैं.

स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को छात्र-छात्राओं की सुविधाओं, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए.

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली जिला, प्रखंड के अधिकारी समेत विद्यालय के शिक्षक और कर्मी मौजूद रहे.

फोटो1 - कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं से संवाद करते डीएम-एसपी फोटो कैप्शन: डीएम दीपक कुमार मिश्रा और एसपी रोशन कुमार को तिलक लगाकर एवं फूलों की वर्षा कर स्वागत करतीं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राएं | Prabhat Khabar Network
फोटो1 - कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं से संवाद करते डीएम-एसपी फोटो कैप्शन: डीएम दीपक कुमार मिश्रा और एसपी रोशन कुमार को तिलक लगाकर एवं फूलों की वर्षा कर स्वागत करतीं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राएं | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >